अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस समारोह पूर्वक मनाया

स्केट मैराथन में नौनिहालों ने दिखाया उत्साह, कलक्टर-एसपी ने दिखाई हरी झंडी
उदयपुर, 23 जून। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जिला प्रशासन, उदयपुर स्केट एसोसिएशन एवं नाकोड़ा मार्बल इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में भव्य स्केट मैराथन का आयोजन किया गया जिसमें शहर के 200 से ज्यादा स्केटर्स ने हिस्सा लिया। फतेहसागर झील के पार्श्व में राजीव गांधी पार्क परिसर में आयोजित हुर्द इस स्केट मैराथन को जिला कलक्टर ताराचंद मीणा व एसपी भुवन भूषण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उदयपुर स्केट एसोसिएशन अध्यक्ष विजय गोधा, सचिव कपिल सुराणा, आयोजक महेंद्र सुराणा, उद्योगपति शरत कटारिया, शिक्षाविद अनिल शर्मा, अंजलि सुराणा, जिला खेल अधिकारी सुनीता भंडारी, जीतो महिला विंग से प्रीति सोगानी, हितेश जोशी, विनोद लोहार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
जिला खेल प्रमोटर अंजलि सुराणा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष में शहर के 200 से अधिक स्केटर्स द्वारा रानी रोड़ पर स्केटिंग कर इस दिवस के उत्साह को उजाकर किया। उदयपुर स्केट एसोसिएशन के सचिव कपिल सुराना ने बताया कि मैराथन तीन भागों को आयोजित की गई 5 किमी, 3 किमी और 1 किमी। यह मैराथन उदयपुर शहर में प्रथम बार आयोजित की गई। मैराथन का उद्देश्य यहां के खिलाड़ियों में ओलंपिक में भाग लेने की जिज्ञासा पैदा करना है। उदयपुर शहर में कई नामी खिलाड़ी अपने हुनर का पूरी तरह प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं ऐसे खिलाड़ियों को प्रेरित कर उन्हें भविष्य में उच्च स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
शहरी व ग्रामीण ओलंपिक में लें भाग :
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से ही शहर में खेलों के प्रति माहौल बनता है जिससे बच्चे और अधिक प्रेरित होकर खेलों में भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि आज उदयपुर शहर के खेल प्रेमियों की बदौलत ही उदयपुर शहरी ओलंपिक में पहले पायदान पर है। जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने उपस्थित खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों का आव्हान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को एक खेल में जरूर भाग लेना चाहिए जिससे वह हमेशा तंदुरुस्त रहता है। व्यक्ति को एकल खेल में अधिक रूचि रखनी चाहिए जिससे वह पूरे जीवन भर उस खेल से जुड़ा रहता है। कार्यक्रम में नाकोड़ा मार्बल इंडस्ट्रीज के महेंद्र सुराणा व अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किए गए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!