उदयपुर, 12 दिसंबर। जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल ने नगर निगम आयुक्त, समस्त उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार व नगर पालिकाओं के अधिशाषी अधिकारियों को पेंशनर्स का वार्षिक भौतिक सत्यापन 31 दिसम्बर से पूर्व शत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
कलक्टर ने निर्देश दिए है कि कार्य को प्राथमिकता प्रदान करते हुए वार्षिक सत्यापन से शेष रहे दोनों वर्षों (2023 व 2024) के पेशनर्स की ब्लॉक या नगर निकायवार विवरण व प्रतिवेदन संलग्न कर संबंधित क्षेत्र में वार्षिक सत्यापन से शेष प्रकरणों का 31 दिसंबर 2023 तक शत-प्रतिशत निस्तारण करवाया जाना सुनिश्चित करावें। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक मान्धाता सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिले में वर्ष 2023 में 97.11 प्रतिशत एवं वर्ष 2024 में 30.64 प्रतिशत पेशनर्स का वार्षिक सत्यापन हुआ है। आगामी 31 दिसंबर तक सभी पेंशनर का वार्षिक भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। सत्यापन के बिना पेंशनर को जनवरी 2024 से पेंशन भुगतान किया जाना संभव नहीं होगा।
ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण शुरू
उदयपुर 12 दिसंबर। उदयपुर जिले की 14 पंचायत समितियों की चयनित 39 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण कार्य 11 से 16 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं 17 दिसंबर को ग्राम सभा की बैठक होगी।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती कीर्ति राठौड़ ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग की शासन सचिव के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान महात्मा गाँधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, 15वें वित्त आयोग के योजनांतर्गत किए गए कार्यों एवं समस्त कार्यों एवं व्यक्तिगत लाभार्थी के कार्यों का एक बीआरपी व पांच जीआरपी टीम द्वारा सामाजिक अंकेक्षण किया जाएगा। सामाजिक अंकेक्षण एवं ग्राम सभा का निरीक्षण मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, परियोजना अधिकारी (लेखा), अधिशाषी अभियंता (महानरेगा), लोकपाल (महानरेगा) एवं समन्वयक पर्यवेक्षण (महानरेगा) जिला परिषद उदयपुर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।
