उदयपुर, 1 मार्च। आयुर्वेद विभाग की ओर से आयुष ग्राम धार में आयोजित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के तहत मंगलवार को शंकरखेड़ा गांव में जनजागरूता रैली निकाली गई। कार्यक्रम प्रभारी डॉ.जगदीश प्रसाद नकेला ने बताया कि रैली में स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थी व स्टाफ तथा आयुर्वेद विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेंद्र शर्मा, डॉ राकेश सोलंकी, कंपाउंडर मनोज पुर्बिया, कोदरलाल, नर्स निर्मला पुर्बिया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कठपुतली प्रदर्शन से ग्रामीणों को आयुर्वेद चिकित्सा की जानकारी दी गई।
आई-स्टार्ट नेस्ट इन्क्यूबेशन सेंटर में स्टार्टअप कॉन्क्लेव शुक्रवार को
उदयपुर, 1 मार्च। राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के आई स्टार्ट तथा टाई उदयपुर की ओर से शुक्रवार 3 मार्च को सुबह 10 बजे स्टार्टअप कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है। आई स्टार्ट नेस्ट इन्क्यूबेशन सेंटर के एसीपी मनोज बिश्नोई ने बताया कि उदयपुर के आई-स्टार्ट नेस्ट इन्क्यूबेशन सेंटर में होने वाले इस कॉन्क्लेव में कई युवा स्टार्टअप शामिल होंगे, जिनके लिए विशेषज्ञों के ज्ञानवर्धक सैशन व पैनल डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही युवाओं को राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘आई स्टार्ट’ एवं स्टार्टअप नीति 2022 की जानकारी दी जाएगी।
केन्द्रीय सचिव आज उदयपुर में
उदयपुर, 1 मार्च। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की सचिव लीना नंदन 2 मार्च की दोपहर 12.30 बजे वायुयान से उदयपुर पहुंचेंगीं। वे यहां सज्जनगढ़ वाइल्डलाइफ सेंचुरी का भ्रमण करेंगी और 3 मार्च की शाम 5.25 बजे वायुयान से दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगी।
भारत के पूर्व सीजे 3 से उदयपुर यात्रा पर
उदयपुर, 1 मार्च। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश आर.एम.लोढ़ा 3 मार्च की रात्रि 8 बजे ऋषभदेव पहंुचेंगे तथा वहां एक गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। वे 4 मार्च की सुबह 6.30 बजे ऋषभदेव से रवाना होकर उदयपुर होते हुए राजसमंद पहुंचेंगे।
युवा संवाद कार्यक्रम आयोजन के लिए
समुदाय आधारित संगठनों से 14 मार्च तक आवेदन मांगे
उदयपुर, 1 मार्च। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भारत सरकार के कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा उसके स्वायत्त संगठन नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा 1 अप्रेल से 31 मई तक देश के सभी जिलों में समुदाय आधारित संगठनों के माध्यम से युवा संवाद भारत एटदीरेट 2047 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
जिला युवा अधिकारी शुभम पूर्बिया ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिले में समुदाय आधारित संगठन (सीबीओ) से 14 मार्च तक आवेदन मांगे है। उन्होंने बताया कि आवेदन के इच्छुक सीबीओ गैर-राजनीतिक, गैर-पक्षपातपूर्ण इतिहास वाले और युवा संवाद कार्यक्रम का संचालन करने में निपुण हो और संगठनों के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं हो। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रति जिले से अधिकतम 3 सीबीओ का चयन निर्धारित समिति द्वारा किया जाएगा। मानदंडों को पूरा करने वाले इच्छुक सीबीओ नेहरू युवा केंद्र,उदयपुर के जिला कार्यालय से प्राप्त आवेदन प्रपत्र की पूर्ति कर 14 मार्च तक जमा कर सकते हैं।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को मनाया जाएगा महिला खेल महोत्सव
उदयपुर, 1 मार्च। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा द्वारा जिले की बालिका व महिलाओं को खेलों में अग्रसर एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को महाराणा भूपाल स्टेडियम पर महिला खेल महोत्सव मनाया जायेगा। जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन ने बताया कि इस अवसर पर टेनिस बॉल क्रिकेट, रस्सा कस्सी, रूमाल झपट्टा, जूडो एवं तीरंदाजी आदि प्रतियोगिताएं होगी। खेल महोत्सव में भाग लेने वाली बालिका एवं महिला खिलाड़ी 3 मार्च शाम 5 बजे तक अपनी टीमों की प्रविष्टि चेतक सर्कल स्थित जिला खेल अधिकारी कार्यालय लवकुश इन्डोर स्टेडियम में जमा करवा सकती हैं।
हुसैन ने बताया कि जिला कलक्टर द्वारा उदयपुर जिले के समस्त 20 ब्लॉक पर महिला खेल महोत्सव मनाया जाना प्रस्तावित था परन्तु होली पर्व एवं बोर्ड की परीक्षा होने के कारण मुख्यालय पर ही खेल महोत्सव मनाया जा रहा है।
