राजेश वर्मा
उदयपुर, 20 जनवरी: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा विधायक की सुनवाई नहीं हो रही है। राज्य सरकार में बहुत सारे से पॉवर सेंटर बने हुए हैं। सत्ता दल के विधायक-मंत्री दर-दर भटक रहे हैं।
जयपुर से सोमवार को राजसमंद जाते समय यहां डबोक एयरपोर्ट पर पत्रकारो से बातचीत में पायलट ने कहा कि प्रदेश में तबादलों पर जो नया विवाद पैदा हुआ है उसमें भाजपा सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का एक साल पूरा हुआ है और सरकार ने जो स्कूलों को बंद करने, नए बनाए जिले समाप्त करने के निर्णय किए हैं और इंग्लिश स्कूलों को लेकर पुनर्विचार करने की बात कर रहे हैं यह सब नकारात्मक निर्णय है। प्रदेश में अफसरशाही बहुत हावी है। पायलट ने कहा कि आगामी 31 जनवरी को शुरू होने वाले सत्र में वे सरकार की जवाबदेही तय करेंगे। सरकार के जनता के हक में काम करने को मजबूर करेंगे। वे सोचते हैं कि सरकार के एक साल के कार्यकाल को देख जनता को उससे बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है। लेकिन कांग्रेस विपक्ष की भूमिका मजबूती से निभाएगी। सदन के पटल पर और सदन से बाहर लगातार जवाब पूछते रहेंगे और जवाबदेही तय करते रहेंगे। कांग्रेस पार्टी के सवाल पर पायलट ने कहा कि कार्यकर्ताओ को पार्टी अलग अलग जिम्मेदारी देती है और सभी को काम बांटे हुए हैं। उनका राजस्थान के साथ अटूट रिश्ता है। यहां के लोगों और कार्यकर्ताओं के प्रति जो उनके दिल में जगह है उसे कोई कम नहीं कर सकता। आज विपक्ष में है लेकिन जहां कार्यकर्ताओं को जरुरत है, बुलाते हैं तो वे भी जाते हैं और सबको साथ लेकर चलते हैं। कांग्रेस पार्टी विपक्ष में है लेकिन हम सबकी मजबूती और एकजुटता है। सब कार्यकर्ता परिवार के रूप में काम कर रहे हैं। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी है दी लेकिन वे यहां से चुनकर गए हैं यहां सत्ता में और विपक्ष में भी बहुत काम करने का मौका मिला है। यहां की जनता और मिट्टी कै साथ संबंध ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
दिल्ली चुनाव के संबंध में पायलट ने कहा कि दिल्ली में जो सरकार है उसे दिल्ली की सरकार ने कई मौके दिए हैं। बीते दस साल में दिल्ली की जनता केंद्र और राज्य सरकार के वर्चस्व की लड़ाई में पिस रही है। इसमें कांग्रेस बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है। शीला दीक्षित की कांग्रेस सरकार को जनत आज याद कर रही है। कांग्रेस ने मजबूत ब्लू प्रिंट तैयार किया है। मजबूती से लड़ेगी और अच्छे परिणाम आएंगे। पायलट ने इंडिया गठबंधन पर कहा कि यह पहले भी मजबूत था और आज भी मजबूत है। भाजपा को चुनौती देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरी पर हमले पर पायलट ने कहा कि हिंसा का राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए लेकिन जनता जो जवाब मांग रही है उसमें भाजपा और आप दोनों आरोप प्रत्यारोप में फंस गई है।
नहीं हो रही सुनवाई, दर-दर भटक रहे विधायक-मंत्री: पायलट
