विविध अनुष्ठानों के उपरान्त श्रीराम मारुति यज्ञ एवं महा आरती,
हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ एवं श्रीराम नाम संकीर्तन की रही गूंज,
उमड़ा राम-हनुमान भक्ति का ज्वार
बांसवाड़ा, 22 जनवरी/अयोध्या में श्री रामलला प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में सोमवार को पीताम्बरा आश्रम में तीन दिवसीय श्रीराम मारुति यज्ञ और हनुमत्पीठ परिसर में भगवान श्री हनुमान प्रतिष्ठा का आयोजन सोमवार दोपहर यज्ञ पूर्णाहुति, महा आरती विधान एवं श्रीरामनाम संकीर्तन के साथ सम्पन्न हो गया।
इस अवसर पर ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या, पं. राकेश शुक्ल एवं पं. राकेश जोशी के आचार्यत्व में पंचदेव, श्रीराम-जानकी एवं हनुमान पूजा-अर्चना के उपरान्त हुए यज्ञ विधान में मुख्य साधक के रूप में गायत्री मण्डल के सचिव विनोद शुक्ला एवं श्रीमती मंजू शुक्ला ने हिस्सा लिया तथा श्रीफल पूर्णाहुति समर्पित की।
श्रीराम एवं हनुमान के विशिष्ट मंत्रों से यज्ञ संपादित करवाने वाले कर्मकाण्डी साधकों में पं. राजेन्द्र भट्ट(खेड़ा), पं. विशाल उपाध्याय (परतापुर), चन्द्रशेखर जोशी, चन्द्रेश व्यास, पं. जय रणा आदि पण्डित प्रमुख हैं।
हनुमान मूर्ति की विधि-विधान से प्रतिष्ठा
पीताम्बरा आश्रम स्थित श्री हनुमत्पीठ परिसर में नवनिर्मित अधिष्ठान पर श्री हनुमान मूर्ति की प्रतिष्ठा मुख्य साधक मनोहर जी. जोशी ने पूरे विधि-विधान से सपरिवार की। इसके उपरान्त हनुमानजी के श्रीविग्रह का षोड़शोपचार से पूजन-अर्चन किया गया तथा सभी भक्तों ने मंत्रों के साथ पुष्पवृष्टि करते हुए भगवान की पूजा-अर्चना की। इनमें साधिकाओं ने भी हिस्सा लिया।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
इससे पूर्व मण्डल सह सचिव सुभाष भट्ट ने विनायक महापूजा व दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान् पं. राकेश जोशी के आचार्यत्व में श्री हनुमान एवं श्रीराम प्रभु के विशिष्ट प्रभावकारी मंत्रों, नामों, रामरक्षा स्तोत्र आदि के अनुष्ठान किए गए।
विविध अनुष्ठानों एवं यज्ञ विधान के उपरान्त महा आरती एवं श्रीराम नाम संकीर्तन तथा वैदिक एवं पौराणिक पुष्पान्जलि धारा में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से हिस्सा लिया।
इसमें मण्डल उपाध्यक्ष अनिमेष पुरोहित, मण्डल के कार्यकारिणी सदस्य पं. त्रम्बकेश्वर ठाकोर एवं अरुण व्यास, पं. प्रदीप भट्ट, अनिल पण्ड्या, मनोहर जोशी (सरेड़ी बड़ी), भंवर गर्ग, मीनाक्षी गर्ग, किशोर पाठक, अनिल नरहरि भट्ट, ललित आचार्य सहित प्रमुख साधकों एवं साधिकाओं ने हिस्सा लिया।
हनुमत्पूजा महोत्सव, कारसेवक सम्मान
मूर्ति प्रतिष्ठा के उपरान्त गायत्री मण्डल के संरक्षक दिलीप गुप्ता ने हनुमान व श्रीराम मंत्रों के साथ हनुमानजी की पूजा-अर्चना की और इसके उपरान्त कारसेवक, पीताम्बरा परिषद के सह संयोजक श्री मधुसूदन व्यास का गायत्री मण्डल की ओर से सम्मान एवं अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर वेदज्ञ पं. सूर्यशंकर नागर, डॉ. गणेशशंकर उपाध्याय, प्राच्यविद्याओं के लेखक एवं शिक्षाविद् प. सुभाष त्रिवेदी तथा मण्डल के उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी, सचिव विनोद शुक्ल, मनोज नरहरि भट्ट आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर श्रीराम पर काव्य धारा प्रस्तुत कर माहौल को राम मय कर देने वाले कवि अशोक मदहोश का भी अभिनंदन किया गया।
