उदयपुर। मेवाड़ की धरती के लिए गौरव का क्षण उस समय देखने को मिला जब उदयपुर निवासी लेफ्टिनेंट दिव्यराज सिंह राठौड़ भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने के बाद पहली बार अपने घर उदयपुर पहुंचे। शहर में उनके आगमन पर परिवारजनों और शहरवासियों ने जोरदार स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
लेफ्टिनेंट राठौड़ के स्वागत को लेकर शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर के ऐतिहासिक जगदीश चैक में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। जगदीश चैक पहुंचने से पहले रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने आतिशबाजी कर और पुष्प वर्षा कर उदयपुर के इस बेटे का अभिनंदन किया। स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालते हुए लेफ्टिनेंट राठौड़ का स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बन गया। उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय”, “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “जय हिंद की सेना” जैसे नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक, युवा और सामाजिक संगठन के सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट दिव्यराज सिंह राठौड़ को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त करने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेवाड़ की धरती हमेशा से वीरों की भूमि रही है और राठौड़ ने सेना में शामिल होकर पूरे उदयपुर और मेवाड़ का नाम गौरवान्वित किया है।
परिजनों ने बताया कि दिव्यराज सिंह राठौड़ बचपन से ही देश सेवा का सपना देखते थे और कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर अपने सपने को साकार किया। उनके इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
उदयपुर के बेटे लेफ्टिनेंट दिव्यराज सिंह राठौड़ का भव्य स्वागत, जगदीश चैक में गूंजे देशभक्ति के नारे
