उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर के अशोका ग्रीन, शोभागपुरा में आयोजित दो दिवसीय प्रीमियम फैशन एवं लाइफस्टाइल प्रदर्शनी ‘झलक’ का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। प्रदर्शनी के दूसरे और अंतिम दिन भी उदयपुर के लोगों में भारी उत्साह देखा गया और सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। समर सीजन और आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए शहरवासियों ने जमकर खरीदारी की, जिससे प्रदर्शनी स्थल पर पैर रखने की भी जगह नहीं बची।
हर आयु वर्ग के लिए बना आकर्षण का केंद्र-आयोजक निहार गुप्ता ने बताया कि ‘झलक’ प्रदर्शनी ने इस बार अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। समापन के दिन न केवल महिलाओं, बल्कि युवाओं और बुजुर्गों में भी नवीनतम फैशन ट्रेंड्स को लेकर खासा क्रेज नजर आया। प्रदर्शनी में दिल्ली, जयपुर, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और चंडीगढ़ से आए प्रतिष्ठित ब्रांड्स के पास ग्राहकों का तांता लगा रहा। विशेष रूप से जयपुरी साड़ियों, स्टेटमेंट सिल्वर ज्वेलरी और इंडो-वेस्टर्न डिजाइन्स को लोगों ने हाथों-हाथ लिया।
इन उत्पादों की रही धूम-आयोजक निहार गुप्ता ने बताया कि समापन के अवसर पर लोग विशेष रूप से गर्मियों के अनुकूल हल्के और स्टाइलिश फैब्रिक की तलाश में थे। इसके अलावा कढ़ुवा बनारस, कोकिला सिल्क और काशिका लेबल जैसे ब्रांड्स की बनारसी, जरदौशी और टसर साड़ियों की भारी मांग रही। साथ ही मुंबई के डिजाइनर्स द्वारा पेश की गई ज्वेलरी कलेक्शन महिलाओं के बीच चर्चा का विषय रही। कपड़ों के साथ-साथ होम एक्सेंट्स और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स की भी बड़े पैमाने पर बिक्री हुई।
संतुष्ट दिखे ग्राहक और शानदार रहा अनुभव-प्रदर्शनी में आए आगंतुकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे देश के शीर्ष डिजाइनर्स का कलेक्शन मिलना उदयपुर के लिए एक बड़ा अवसर था। सुव्यवस्थित पार्किंग, सहयोगी स्टाफ और उत्पादों की उच्च गुणवत्ता ने ग्राहकों की संतुष्टि को दोगुना कर दिया। कई ग्राहकों का कहना था कि उन्होंने समर वार्डरोब के लिए ऐसी बेहतरीन रेंज पहले कभी एक साथ नहीं देखी।
प्रदर्शनी के सफल समापन पर निहार गुप्ता ने उदयपुर की जनता और सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, उदयपुर ने जिस तरह का प्यार और प्रतिक्रिया ‘झलक’ को दी है, वह हमारे लिए गौरव की बात है। लोगों के चेहरों पर दिखी मुस्कान और संतुष्टि ही हमारी सफलता है। हम भविष्य में भी इसी तरह के और अधिक भव्य और नवीन कलेक्शंस के साथ शहर में लौटेंगे।
