कपड़े की कतरनों से सजी कल्पना की बगिया, आर्ट जंक्शन रेज़िडेंसी में होगा रचनात्मक सौंदर्य का उत्सव
उदयपुर, 12 जुलाई । धर उबेश्वर रोड स्थित आर्ट जंक्शन रेज़िडेंसी में इस रविवार, 13 जुलाई को वरिष्ठ कलाकार डॉ. भूपत डूडी की विशेष कला प्रदर्शनी “फ्लोरल रिवरी” का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। इस प्रदर्शनी का क्यूरेशन प्रख्यात कला चिंतक डॉ. चिमन डांगी द्वारा किया गया है।
यह प्रदर्शनी एक अनोखी रचनात्मक पहल है, जिसमें कपड़े के वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर कल्पना और प्रकृति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया गया है। उद्घाटन समारोह शाम 4:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें शहर के कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और पर्यावरण-जागरूक दर्शकों की भागीदारी अपेक्षित है।
परंपरा से परे, नवाचार के साथ : डॉ. डूडी ने परंपरागत रंग और ब्रश के स्थान पर महिलाओं द्वारा सिलाई के दौरान बची कपड़ों की कतरनों को माध्यम बनाया है। मिक्स मीडिया में तैयार ये कलाकृतियां पर्यावरणीय चेतना, सौंदर्यबोध और रचनात्मक पुनर्चक्रण का अद्भुत संगम हैं। हर चित्र में फूल, पत्तियां और नारी-संवेदना के गहरे भाव मौजूद हैं।
प्रकृति के बीच रचना का अनुभव : प्राकृतिक परिवेश में आयोजित यह प्रदर्शनी दर्शकों को केवल देखने का नहीं, बल्कि अनुभव करने का अवसर देती है। “फ्लोरल रिवरी” एक ऐसा संवेदी संसार रचती है, जहां कपड़े की कतरनें भी जीवंत संवाद करती हैं।
रविवार के अवकाश के दिन को ध्यान में रखते हुए यह प्रदर्शनी पिकनिक जैसा पारिवारिक माहौल भी प्रदान करेगी। आयोजकों ने इसे “रचनात्मकता का उत्सव” बताया है, जिसमें हर आगंतुक की उपस्थिति एक रंग के रूप में देखी जाएगी।
डांगी ने बताया कि प्रदर्शनी एक सप्ताह तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी | प्रवेश निःशुल्क है।
