उदयपुर.रीको फायर स्टेशन के सहयोग से विद्यालय परिसर में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर फायर ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन फायर स्टेशन इंचार्ज प्रभुदास के नेतृत्व में फायर विभाग की टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या गरिमा भाटी, निदेशक अरुण मांडोत एवं प्रशासक संदीप डे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
फायर ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता एवं समझदारी से कार्य करने के बारे में जानकारी दी गई। फायर टीम ने गैस सिलेंडर, विद्युत शॉर्ट सर्किट एवं अन्य कारणों से लगने वाली आग पर नियंत्रण पाने के व्यावहारिक तरीके बताए। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यालय भवन से सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया, जिसमें विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में अनुशासन बनाए रखते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचने की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फायर टीम से कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे तथा सुरक्षा संबंधी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
विद्यालय की प्राचार्या गरिमा भाटी ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन उपयोगी सुरक्षा संबंधी जानकारी देना भी अत्यंत आवश्यक है। निदेशक अरुण मांडोत ने रीको फायर स्टेशन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। प्रशासक संदीप डे ने भी विद्यार्थियों एवं स्टाफ से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा रीको फायर स्टेशन की टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
