उदयपुर। उदयपुर में यातायात दबाव कम करने, सुनियोजित विकास और सौन्दर्यकरण को लेकर भुवाणा चौराहा से भुवाणा गांव तक ऐलिवेटेड रोड तैयारी शुरू कर दी गई हैं। नगर विकास प्रन्यास 90 करोड़ की लागत से यह रोड बनाएगा।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा हाल ही की गई बजट घोषणा की क्रियान्विति में ऐलिवेटेड रोड निर्माण की योजना पर नगर विकास प्रन्यास ने डीपीआर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रन्यास ने ऐलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए निविदा जारी कर दी है। आवेदक को 21 मार्च तक निविदा जमा कराने का समय दिया गया है। डीपीआर दो चरणों की मांगी गई है। पहले चरण में यातायात सर्वेक्षण और मांग आंकलन की रिपोर्ट तैयार करनी है। इसके अलावा एलिवेटेड रोड, सर्विस रोड, ब्रिज, ड्रेन-क्रॉस ड्रेनेज स्ट्रक्चर की डिजाइन, बीओक्यू और लागत अनुमान तैयार कर बताना है। दूसरे चरण में प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन किया जाएगा। इसमें बिड प्रक्रिया पूरी करने, टेण्डर खुलने के बाद अधिकृत कांट्रेक्टर नियुक्त करने और प्रोजेक्ट प्रबंधन सेवाएं तय की जाएगी।
भुवाणा में जाम से मिलेगी निजात
उदयपुर शहर के भीतर से गोगुंदा, पिण्डवाड़ा, माउण्ट आबू, नाथद्वारा, अजमेर, जयपुर की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही से वर्तमान में भुवाणा गांव से भुवाणा चौराहा तक यातायात दबाव रहता है। भुवाणा में सड़क चौड़ी नहीं होने से सुबह और रात 11 बजे तक यातायात दबाव रहने जाम की समस्या बनी हुई है जिससे सवारी वाहनों में बैठे लोगों एवं स्थानीय लोगों को परेशानी से जूझना पड़ता है।
