शिक्षा मंत्री उदयपुर से जारी करेंगे 12वीं का परीक्षा परिणाम

उदयपुर, 30 मार्च। राजस्थान के शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर मंगलवार को उदयपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिला कलक्टर कार्यालय के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर कार्यायल से वर्चुअली जुड़ कर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी करेंगे।
इसके अलावा मंत्री श्री दिलावर आईआईएफएल फाउंडेशन द्वारा निर्मित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वाटी, रा.बा.उ.मा.वि. बड़गांव एवं रा.बा.उ.मा.वि. वेदला के नवीन भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे जिला परिषद उदयपुर में सायं 4 बजे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेंगे। वे रात को उदयपुर से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
—00—

पटवारी भर्ती 2025
कार्यग्रहण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 1 अप्रैल तक मौका

उदयपुर, 30 मार्च। पटवारी सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा 2025 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राजस्व मंडल द्वारा  कार्यग्रहण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व में चयनित अभ्यर्थियों को 24 मार्च तक कार्यग्रहण करना अनिवार्य था, लेकिन राजस्व मंडल के आदेश के अनुसार अब यह तिथि बढ़ाकर 1 अप्रैल कर दी गई है। जिला कलक्टर कार्यालय के भू अभिलेख अनुभाग के प्रभारी अधिकारी द्वारा अभी तक कार्यग्रहण नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को दूरभाष और पत्र के माध्यम से सूचित भी किया जा चुका है।

जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन चयनित अभ्यर्थियों ने अभी तक कार्यग्रहण नहीं किया है, वे 1 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति पटवार प्रशिक्षण विद्यालय, देबारी में दर्ज कराएं। निर्धारित तिथि के बाद भी कार्यग्रहण नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति नियमानुसार निरस्त करने की कार्यवाही अमल में लायी जावेगी।

वन्दे मातरम् @150
सूचना केंद्र में गूंजे राष्ट्रगीत के स्वर
उदयपुर, 30 मार्च। राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार 23 से 30 मार्च तक चल रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को सूचना केंद्र उदयपुर में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक गौरीकांत शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में सूचना केंद्र के स्टाफ के साथ-साथ लाइब्रेरी में आने वाले पाठकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में वन्दे मातरम् का गायन कर देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर केंद्र का माहौल राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!