भारी बारिश से उदयपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त, नदी में बहे वृद्ध का शव मिला, हाईवे पर लैंडस्लाइड से यातायात ठप

उदयपुर जिले में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। रविवार को सायरा क्षेत्र में रोहिड़ा गांव के 60 वर्षीय जालूराम गमेती पानी के तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बनास नदी की पुलिया पार करते समय बह गए। थोड़ी देर बाद उनका शव लगभग 400 मीटर दूर नदी किनारे मिला। घटना के बाद गोगुंदा एसडीएम शुभम भैसारे, तहसीलदार सुरेश मेहता और सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

इधर, उदयपुर-झाड़ोल-ईडर राष्ट्रीय राजमार्ग 58-ई पर अंडावेला के पास पहाड़ दरकने से बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरे। सुबह चार बजे से लगा जाम अभी भी जारी है। ग्रामीणों की मदद से छोटे वाहन निकल पाए, लेकिन भारी वाहन रुके हुए हैं। पुलिस और प्रशासन पत्थर हटाने में जुटा है।

आयड़ नदी के उफान से किसानों की फसलें डूब गई हैं। कानपुर, भोईयों की पंचोली, खरबड़िया और आसपास के गांवों में सब्जियां व हरा चारा पूरी तरह बर्बाद हो गया है। पूर्व सरपंच मदनलाल डांगी ने मुआवजे की मांग उठाई है।

भूपालपुरा थाना क्षेत्र में शहीद भगत सिंह ब्रिज के पास 26 वर्षीय युवक शेरू मछली पकड़ते समय पानी में बह गया। सिविल डिफेंस टीम ने पूरी रात तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। रेस्क्यू अभियान फिर से शुरू किया जाएगा।

इधर, झाड़ोल क्षेत्र का ओगणा बांध लगातार बारिश से ओवरफ्लो हो गया है। 42 फीट क्षमता वाला यह मिट्टी का बांध क्षेत्रीय जलस्तर बढ़ा रहा है।

मौसम विभाग ने जिले में सोमवार को भी येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र को छोड़कर सभी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!