-महिलाओं को हर साल मिलेंगे 10 हजार रुपए
नाथद्वारा. नाथद्वारा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. सीपी जोशी ने बुधवार को शिशेदा, गुंजोल, सायों का खेड़ा, दड़वल,
चिकलवास, अटाटिया, सुथारों की भागल, ब्राह्मणों की भागल, दसाणों की भागल, धांयला, गुडला, कुन्चोली, बासड़ा में जनसंपर्क किया। डॉ. जोशी का हर गांव-ढाणी में ग्रामीण गर्म जोशी से स्वागत कर रहे हैं। डॉ जोशी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर गृहलक्ष्मी गांरटी योजना में परिवार की महिला मुखिया को साल में 10000 रूपए मिलेगें। साथ ही 1 करोड़ परिवार को 500 रुपए में गैस सिलेण्डर मिलेगा। डॉ. जोशी ने कहा कि चिरंजीवी योजना में 25 लाख रुपए तक इलाज की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही 100 यूनिट फ्री बिजली सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल रहा हैं। डॉ. जोशी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं चालू की, जिसमें पहले ₹80 प्रतिदिन मजदूरी मिला करती थी जो बढ़कर 265 रुपए हुई। यह कांग्रेस की दूरदर्शिता का परिणाम है। जोशी ने कहा जब मैं केद्र में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री था, हमने कानून बनाया कि हर वर्ष अप्रैल माह में मंहगाई के अनुसार मजदूरी बढ़ती है।