संभाग स्तरीय अहिंसा सम्मेलन का आयोजन 23 अगस्त को

भीलवाड़ा, 17 अगस्त। निदेशक, शान्ति एवं अहिंसा निदेशालय, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार माननीय मुख्यमंत्री महोदय के अनुमोदन से शान्ति एवं अहिंसा निदेशालय, जयपुर द्वारा भीलवाड़ा जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय गैर आवासीय संभाग स्तरीय अहिंसा सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।  इस सम्मेलन के आयोजन के संबंध में तैयारी के लिए गुरूवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहनलाल खटनावलिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी तथा प्रकोष्ठ के सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य मौजूद रहे।

एक दिवसीय गैर आवासीय संभाग स्तरीय अहिंसा सम्मेलन 23 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रातः 10 बजे महाराणा प्रताप सभागार (टाउन हॉल) नगर परिषद भीलवाडा में आयोजित होगा।

शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्री अक्षय त्रिपाठी ने बैठक के दौरान कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन को सार्थकता प्रदान की जा सकती है। उन्होंने कहा कि गांधीजी की विचारधारा वर्तमान में ही नहीं अपितु भविष्य में भी प्रासंगिक है। वर्तमान समय में पूरा विश्व गांधीजी की विचाराधारा को अपना कर उसे मूर्तरूप प्रदान कर रहा है। गांधीजी के विचार प्यार, प्रेम और भाईचारे की राह पर चलने का संदेश देते हैं। इन्ही संदेशो को आमजन तक पहुंचाने के लिए आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय सम्मेलन में भीलवाड़ा, नागौर, टोंक तथा अजमेर जिले के लगभग 400 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

बैठक में सीईओ जिला परिषद श्री खटनावलिया ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई व माईक एवं मंच व्यवस्था तथा उद्योग विभाग के अधिकारी को बैनर, फ्लेक्स के लिए निर्देशित किया।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को कार्यक्रम में भाग लिये जाने के लिए वक्ताओं, गांधीवादी क्षेत्र में कार्य करने वाले सक्रिय संस्थाओं के सदस्य, धर्मगुरु, खादी से जुड़े स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का चयन कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करने सहित अन्य दायित्व सौंपे।

प्रशिक्षण स्थल पर लेपटॉप, कम्प्यूटर प्रिन्टर तथा डोंगल की व्यवस्था संयुक्त निदेशक डीओआईटी को सौंपी गई। साथ ही जिला रसद अधिकारी को सम्मेलन में प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार, भोजन, पेयजल आदि की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया।

इस दौरान बैठक में जिला स्तरीय शांति एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के गैर सरकारी सदस्य श्री मुश्ताक अली, श्री रामलाल गाडरी, श्री ताहिर अली , श्री दिनेश सोनी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!