अचार संहिता का अक्षरशः पालन करें राजनीतिक दल – बुनकर
राजसमंद, 9 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव 2023 की कार्यक्रम घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। जिले में सफल एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण करने के उद्देश्य से सोमवार शाम को जिला कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश बुनकर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन हुआ।
बैठक में बुनकर ने सभी दलों के प्रतिनिधियों को चुनाव से संबंधित आवश्यक जानकारी दी एवं सभी को आचार संहिता के नियमों का पालन करने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि सभी दल नियमों का पालन करेंगे एवं शांति एवं सद्भावना के साथ निर्वाचन की प्रक्रिया को संपन्न करवाएंगे। बुनकर ने कहा कि चुनाव से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए जिला कलेक्ट्रेट में संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रकार के दिशा निर्देशों से दलों को अवगत कराया और उनके प्रश्नों का जवाब देते हुए जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। राजनीतिक दलों द्वारा प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने एवं नियमानुसार निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने हेतु आश्वस्त किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश बुनकर ने ली राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक
