उदयपुर 4 अप्रेल/राहुल गांधी के विरुद्ध भाजपा नीत सरकार द्वारा की जा रही अलोकतांत्रिक कार्यवाही का विरोध करने के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा नई दिल्ली के जंतर मंतर पर आहूत महिला कांग्रेस के धरने में शामिल होने के लिए उदयपुर से भी जिला परिषद सदस्य व अखिल भारतीय गुर्जर महिला महासभा की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष कामिनी गुर्जर के नेतृत्व में महिलाएं दिल्ली पहुंची और धरने में शामिल हुई ।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीता डिसूजा के आह्वान पर नई दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित इस धरने में भाजपा सरकार द्वारा राहुल गांधी पर किए जा रहे अनीतिपूर्वक कायराना कृत्य को लेकर विरोध हेतु पूरे देश से महिलाएं एकत्रित हुई थी और इस धरने में सारी महिलाओं ने भाजपा सरकार का विरोध किया। उदयपुर से जिला परिषद सदस्य व अखिल भारतीय महिला महासभा की प्रदेशाध्यक्ष कामिनी गुर्जर ने भी धरने में भाग लिया और भाजपा सरकार की इस कार्यवाही का विरोध किया। गुर्जर ने कहा कि मोदी सरकार लोकतंत्र में अभिव्यक्ति के अधिकार को कुचलने पर तुली हुई है और इस प्रकार की अनैतिक कार्यवाही को अंजाम दे रही है जो कि लोकतंत्र पर सीधा-सीधा आघात है।
इस दौरान कामिनी गुर्जर ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीता डिसूजा से व्यक्तिगत रूप से भी भेंट की और मेवाड़ में महिला कांग्रेस की गतिविधियों और वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य पर फिडबैक दिया।