उदयपुर, 20 जनवरी : जिले फतहनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा मकान दिखाने के बहाने चाबी लेकर खाली पड़े मकान में प्रवेश कर व्यापारिक दस्तावेजों सहित चैक बुक चोरी करने और उसमें मनमानी राशि भरकर बैंक से अनादरित करवाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित रत्नेश अग्रवाल ने फतहनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पीड़ित के अनुसार व्यापार में नुकसान के चलते उसने अपना मकान बेचने की योजना बनाई थी और इसकी चाबी अपने रिश्तेदार भगवतीलाल अग्रवाल को सौंपी थी। आरोपी दिनेश चन्द्र अग्रवाल ने ग्राहक दिखाने के बहाने मकान की चाबी प्राप्त कर ली और बाद में इसे वापस नहीं लौटाया। इस दौरान उसने मकान में रखी चैक बुक से हस्ताक्षरित खाली चैक चोरी कर 15 लाख रुपए की राशि भरकर बैंक से अनादरित करवा दिए।
आरोपी ने इस चैक को आधार बनाकर मावली एनआई कोर्ट में पीड़ित के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया, जिसके कारण पीड़ित को 12 दिसंबर 2024 को जमानत लेनी पड़ी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर उसे फंसाने के लिए लेनदारों को भी न्यायालय में बुलाकर दबाव बनाया। फतहनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
