हनुमानगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई’: 10 करोड़ की ड्रग्स और हथियारों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस-वे पर की कार्रवाई, 6 किलो एमडी और 3 किलो अफीम, एक पिस्टल सहित 3 जिंदा कारतूस बरामद
जयपुर 20 दिसंबर। हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के कुशल निर्देशन में जिले की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने जामनगर-अमृतसर एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ और अवैध हथियार बरामद कर दो शातिर तस्करों को दबोचा है।
एसपी हरी शंकर द्वारा जिले में अवैध धंधों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टाउन पुलिस की टीम गश्त पर थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में एसआई ज्योति की टीम ने कोहला पुल के पास संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने मौके से फलौदी जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान संतोष विश्नोई (31) निवासी चंद्रनगर और रमेशचंद्र उर्फ शंकर (24) निवासी हसांदेश थाना लोहावट जिला फलौदी के रूप में हुई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस सफल रेड में जिला विशेष टीम के कांस्टेबल देवकरण और टाउन थाने के कांस्टेबल रमेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब इस बड़े रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नशा कहाँ से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहाँ होनी थी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!