उदयपुर, 21 जून। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अधीन संचालित छात्रावासों अथवा आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 20 जून 2023 को आगामी 10 जुलाई 2023 तक बढ़ा दिया गया है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी अधिक जानकारी जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट टीएडी डॉट राजस्थान डॉट जीओवी डॉट इन से प्राप्त कर सकते हैं। यह जानकारी जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के उपायुक्त पर्बतसिंह चुंडावत ने दी।
नगरीय विकास मंत्री आज उदयपुर दौरे पर
उदयपुर, 21 जून। स्वायत्त शासन, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग तथा विधि एवं संसदीय कार्य एवं निर्वाचन विभाग मंत्री 22 जून को सुबह 7.50 बजे उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। केबिनेट मंत्री धारीवाल सुबह 9 बजे आवरी माता मन्दिर के पास स्थित सामुदायिक केन्द्र में अमृत 2.0 योजनान्तर्गत प्रथम चरण के सीवरेज सिस्टम कार्य का शुभारंभ करेंगे।
प्रोटोकॉल प्रभारी अधिकारी नरेश बुनकर ने बताया कि केबिनेट मंत्री धारीवाल सुबह 11.40 बजे उदयपुर एयरपोर्ट से जयपुर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल आज उदयपुर में
उदयपुर को मिलेगी 180 करोड़ के सीवरेज कार्य की सौगात
उदयपुर 21 जून। राज्य के स्वायत्त शासन व नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल गुरुवार को उदयपुर दौरे के तहत अमृत 2.0 योजनांतर्गत प्रथम चरण के सीवरेज सिस्टम कार्य की शुरूआत करेंगे।
नगर निगम के आयुक्त वासुदेव मालावत ने बताया कि अमृत 2.0 के फेज प्रथम के तहत 180.53 करोड़ रुपए की लागत से नए सीवरेज सिस्टम का कार्य होने जा रहा है। यह कार्य 11 मई 2025 तक पूर्ण होगा। इसके तहत शहर में 152 किमी सीवरेज लाइन कार्य किया जाएगा जिससे 18,620 हाउस सिवरेज कनेक्शन हो सकेंगे। इस योजना से 69,234 जनसंख्या लाभान्वित होगी एवं सीवरेज का कवरेज 12 प्रतिशत और बढ़ जाएगा।
अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी ने बताया कि इस कार्य के पूर्ण होने पर उदयपुर नगर निगम का सीवरेज कवरेज 60.59 प्रतिशत से बढ़कर 72.69 प्रतिशत हो जाएगा। योजना के तहत शहर के 14 वार्डों में सीवरेज लाइन डाली जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्य पूर्ण होने के पश्चात शहर के सीवरेज सिस्टम में व्यापक बढ़ोत्तरी होकर लोगों को लाभ मिल सकेगा।
