—परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा
उदयपुर, 26 नवंबर : डबोक थाना क्षेत्र में स्थित देव कृपा सोप स्टोन फैक्ट्री में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। फैक्ट्री में काम कर रही 33 वर्षीय सोवनी बाई निवासी चंदेसरा के सिर पर अचानक भारी पत्थर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों ने उन्हें निजी अनंता हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर एमबी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान देर रात उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग डबोक थाने पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग की। परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी की जाती है, जिसके चलते यह हादसा हुआ। मृतका के पति अशोक गमेती, जो उसी फैक्ट्री में काम करते हैं, का कहना है कि दुर्घटना के बाद भी प्रबंधन की ओर से किसी ने हालचाल तक नहीं पूछा।
पुलिस के अनुसार फैक्ट्री मालिक और मृतका के परिवारजनों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही है। पुलिस को परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा उपकरणों की कमी और कार्यस्थल पर निगरानी में खामियां सामने आई हैं।
सोवनी बाई अपने पीछे एक छोटा परिवार छोड़ गई हैं—एक बेटी और तीन बेटे। पति अशोक का कहना है कि अब उसके सामने बच्चों की परवरिश की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
