– एनएच48 के लेहणा घाटी के पास हुआ हादसा
डूंगरपुर, 18 जून(ब्यूरो)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर बिछीवाडा थाना क्षेत्र के लेहणा घाटी में बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक एवं उसका भाई बाइक लेकर अहमदाबाद मजदूरी करने जा रहे थे। लेहणा घाटी पर सडक़ किनारे बाइक लेकर खड़े थे। उसी समय हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार विकासनगर गैंजीघाटा निवासी धर्मेन्द्र पुत्र देवीलाल रावल ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि प्रार्थी एवं उसका बडा भाई राकेश रावल (33) दोनों बाइक पर सवार होकर सोमवार को अहमदाबाद जा रहे थे । हाईवे पर लेहणा घाटी में बाइक सडक़ किनारे खडी कर खड़े थे। इस दौरान बिछीवाडा तरफ से एक तेज गति से आ रही बाइक ने प्रार्थी के भार्ई राकेश को पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एम्बुलेंस 108 की मदद से उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसेे अन्यत्र रैफर किया गया। प्रार्थी के भाई को उपचार के लिए अहमदाबाद ले जा रहे थे कि मार्ग में उसने दम तोड़ दिया। शव को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। बिछीवाड़ा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, युवक की मौत के बाद 2 बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
