भीलवाडा 21 फरवरी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न जिला स्तरीय समितियों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) डॉ. राजेश गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
विशेष योग्यजनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार ऋण योजना के प्रचार प्रसार के लिए सभी संबंधितों को निर्देशित किया तथा नवजीवन योजना की जानकारी प्रदान की। योजना में राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2022-23 में गाडोलिया, बंजारा, कालबेलिया, भोपा, नायक, गाडिया लुहार, बारदी, भेडकूट, रेबारी, सिकलीगर, सीमड़ीवाल, रंगास्वामी नाथ, बाजीगर, गुजराती एवं जंगलिया इत्यादि नवीन जाति/समुदायों को शामिल किया गया है तथा उक्त जातियों सर्वे कार्य करने के लिए स्वयं सेवी संस्थाओं का चयन कर जिले में स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से सर्वे करवाये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। उन्होंने जिला लोकल लेवल कमेटी के माध्यम से समय पर प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश प्रदान किये गये।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक सत्यपाल जांगिड ने अवगत कराया कि माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत जिले के सभी उपखण्ड कार्यालय में कुल 39 प्रकरण प्राप्त हुए है, जिनमें से 6 प्रकरणों का निस्तारण कर दिया गया है, जिस पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश प्रदान किये की सभी उपखण्ड अधिकारियो से समन्वय कर शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के आदेश प्रदान किये गये। उन्होंने दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के बारे में जानकारी प्रदान की।
समीक्षा बैठक के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग से संबंधित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहें।
