मकर संक्रांति पर संगीतमय सितोलिया कार्यक्रम होगा आज अशोका ग्रीन में

उदयपुर। झीलों की नगरी की प्रतिष्ठित संगीतमय संस्था ‘सुरों की मंडली’ की ओर से इस वर्ष मकर संक्रांति का पावन पर्व बड़े ही अनूठे और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। इस बार खेल की फुर्ती और संगीत की मस्ती के अद्भुत संगम के साथ “संगीतमय सितोलिया” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि मकर संक्रांति के पर्व को यादगार बनाने के लिए 14 जनवरी को प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक अशोका ग्रीन, 100 फीट रोड, शोभागपुरा में यह विशेष उत्सव आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में खेल के साथ-साथ सुरीली धुनों का तड़का भी लगेगा। उन्होंने बताया कि इस बार का सितोलिया खेल पारंपरिक खेल से थोड़ा अलग होगा। उन्होंने कहा कि सितोलिया की गिट्टियां जमाने वाली टीम को गिट्टियां जमाने के साथ ही पूरे जोश में एक सुरीला गीत गाना अनिवार्य होगा। साथी ही, गेंद मारने वाले खिलाड़ी को अपनी अगली प्रक्रिया पूरी करने से पहले एक सुंदर गीत सुनाना होगा।

शहर के विभिन्न संगठनों से पधारेंगे शहरवासी

मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम में शहर के विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल होकर इसकी शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में संगीत और खेलकूद के साथ-साथ पतंगबाजी का भी आनंद लिया जा सकेगा। प्रतिभागियों को अपने साथ सितोलिया, बैट, पतंग और माँझा लाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है ताकि उत्सव की रौनक दोगुनी हो सके।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!