जनजाति गौरव दिवस पर होंगे विविध आयोजन

उदयपुर, 11 नवंबर। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर 14 से 16 नवंबर को माणिक्यलाल आदिम जाति शोध संस्थान की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
टीआरआई निदेशक महेश चन्द्र जोशी ने बताया कि संस्थान तथा जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से 14 नवंबर को सायं 4 बजे टीआरआई से लोककला मण्डल तक जनजाति कलाकारों की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान के विभिन्न लगभग 250 जनजाति कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी।
जनजाति लोक गीत एवं भजन संध्या का होगा आयोजन
राष्ट्र के स्वतंत्रता आंदोलन में विभिन्न जनजातियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में आंदोलन के समय गाये जाने वाले गीतों तथा भजनों के संरक्षण के उद्देश्य से 15 नवंबर को सायं 6 बजे से भारतीय लोक कला मण्डल में जनजाति लोक गीत एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जनजातियों के लगभग 250 कलाकार भाग लेंगे।
राष्ट्रीय संगोष्ठी 15-16 को
राजस्थान के जनजाति स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर साहित्य संस्थान जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय) प्रतापनगर उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशेषज्ञों एवं इतिहासकारों की सहभागिता में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 15 व 16 नवंबर को किया जाएगा। गौरव दिवस के उपलक्ष्य में राज्य के सभी एकलव्य मॉडल रेजीडेन्शियल स्कूल, जनजाति आवासीय विद्यालयों में संस्थान के संयुक्त  तत्वावधान   में 15 से 22 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम यथा निबन्ध लेखन, पोस्टर बनाना, गीत-कविता, नृत्य, प्रश्नोत्तरी, देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने वाले जनजाति स्वतंत्रता सेनानियों की भागीदारी पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!