प्रतीक जैन
खेरवाड़ा, कस्बे के विभिन्न स्थानों पर पीपल के पेड़ की पूजा कर दशा माता पर्व मनाया गया। दशा माता व्रत धारी महिलाओं द्वारा सुबह से दोपहर तक स्वार्थ सिद्धियोग के मुहूर्त में निचला खेरवाड़ा स्थित नर्सरी बाग में प्राचीन पीपल के पेड़ के चारों ओर परिक्रमा करते हुए दशा माता की पूजा की गई। महिलाओं ने दशा माता के व्रत में कच्चे सूत का 10 तार का डोरा लेकर उसमें 10 गठाने लगाई इसके बाद महिलाओं द्वारा पीपल के वृक्ष की पूजा अर्चना कर 10 बार सूत लपेटते हुए परिक्रमा की गई। फिर उस डोरे को गले में धारण किया। पूजास्थल पर पुजारी रेखा देवी जोशी द्वारा कथा श्रवण कराया गया । कथा श्रवण में राजा नल एवं रानी दमयंती की कथा भी सुनाई गई। अंत में सभी व्रत धारियों को महाप्रसाद वितरण किया गया। दशा माता पूजा में खेरवाड़ा क्षैत्र की सैंकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। निचला खेरवाड़ा निवासी शिवकुमार जोशी बताया कि लंबे समय बाद दशा माता की पूजा एवं दशा माता मेला में एक दिन का गैप हुआ है। ग्राम पंचायत सरपंच लक्ष्मी अहारी ने बताया कि दशा माता का मेला आज सोमवार को आयोजित किया जा रहा है।
