मतदान दलों के लिए पंचायत समिति/तहसील मुख्यालयों पर रहेगी सशुल्क वाहन व्यवस्था

रोडवेज मुख्य प्रबंधक को दिए निर्देश
उदयपुर, 18 अप्रैल। लोकसभा आम चुनाव – 2024 के तहत आगामी 26 अप्रैल को उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए प्रस्तावित मतदान को लेकर गठित मतदान दलों की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर अरविन्द पोसवाल ने रोडवेज मुख्य प्रबंधक को मतदान दल कार्मिकों के आवागमन के लिए सशुल्क पर्याप्त वाहन व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 25 अप्रैल को सुबह 7 बजे से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्टस् कॉलेज परिसर में प्रारंभ होगा। कार्मिकों के आगमन की समस्या के मद्देनजर आरएसआरटीसी के मुख्य प्रबंधक को उदयपुर और सलूम्बर जिले की संबंधित सभी तहसील और पंचायत समिति मुख्यालयों पर कार्मिक प्रकोष्ठ से समन्वय कर कार्मिकों को सुबह 6.30 बजे तक एमएलएसयू परिसर तक पहुंचाने के लिए आवश्यकतानुसार रोडवेज बसों की सशुल्क व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार 26 अप्रैल को मतदान के पश्चात कार्मिकों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए एमएलएसयू परिसर में प्रत्येक तहसील व पंचायत समिति मुख्यालय के लिए पर्याप्त वाहन व्यवस्था के लिए भी निर्देशित किया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!