66 बड़े शिक्षा अधिकारी अगले वित्त वर्ष हो जाएंगे सेवानिवृत्त

पहले से 32 उच्च स्तर के शिक्षा अधिकारियों का है संकट
उदयपुर। अगले वित्तीय वर्ष  1 अप्रैल से 31 मार्च 2025 तक शिक्षा विभाग के 66 बड़े शिक्षा अधिकारी सेवानिवृत्त हो जाएंगे। जबकि विभाग में शिक्षा अधिकारियों का पहले से अभाव चल रहा है। स्थिति यह है कि कई जिलों में जिला स्तर के अधिकारी ही नहीं हैं और उनकी जगह अधीनस्थ अधिकारियों से काम चलाया जा रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षा ग्रुप 2 के संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल ने अगले वित्तीय वर्ष के सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षा अधिकारियों की सूची जारी की है। जिसमें विभाग से 1 अतिरिक्त निदेशक, 4 संयुक्त निदेशक, 15 उप निदेशक तथा 46 जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के अधिकारी सेवानिवृत हो जाएंगे। जबकि विभाग में 4 संयुक्त निदेशक, 8 उप निदेशक तथा 20 जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के पद पहले से रिक्त हैं।
जानकारों का कहना है कि जब तक निचले पदों की नियमित डीपीसी नहीं हो जाती, तब तक उच्च पदों के लिए निर्धारित तीन वर्ष के अनुभव की शर्त पूरी नहीं होने से इन पदों पर पदोन्नति नहीं हो पाती। दरअसल, व्याख्याता के बाद उप प्राचार्य, प्राचार्य, डीईओ, डीडी, जेडी तथा अतिरिक्त निदेशक के पद शत-प्रतिशत पदोन्नतियों से भरे जाने का प्रावधान है। इन पदों पर सीधी भर्तियां नहीं होतीं। इन पदों के लिए अगली पदोन्नति प्रधानाचार्य से जिला शिक्षा अधिकारी पदों पर पांच वर्ष के अनुभव होने पर ही हो सकती है। ऐसे में समय पर नियमित पदोन्नति नहीं होने से उच्च पद के लिए अनुभव की शर्त पूरी नहीं होने से वे रिक्त रह जाते हैं। विभाग अनुभव में शिथिलता नहीं देती, तो इनमें से कई पद रिक्त रह जाएंगे। इस बारे में वरिष्ठ शिक्षक पारस जैन का कहना है बच्चों के उज्ज्वल भविष्य पर किसी तरह का संकट न आए उसे देखते हुए समय रहते राज्य सरकार को शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाना चाहिए।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!