उदयपुर, 5 सितंबर। शिक्षा जगत में शैक्षिक विकास के साथ-साथ सहशैक्षिक उल्लेखनीय गतिविधियों के लिए जाने माने कलाधर्मी और शिक्षक हेमन्त जोशी को बुधवार को शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में बड़गांव में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
मंगलवार को बड़गांव उपखण्ड कार्यालय में आयोजित ब्लॉक स्तरीय समारोह में एसडीएम रमेशचंद्र बहेड़िया व एसीबीईओ शशि गोठवाल ने जोशी को प्रशस्ति पत्र तथा 5100 रूपए नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हे सराहनीय कार्य कर शिक्षकों के लिए नज़ीर बनने पर बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि बड़गांव ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरड़ा में बतौर वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत) कार्यरत जोशी को सत्र 2022 भामाशाह प्रेरक सम्मान से नवाजा गया। जोशी ने भामाशाहों को प्रेरित कर विद्यालय में 40 लाख रूपए के विकास कार्य कराने में सहयोग दिया। इसके अलावा विद्यालय में 4.50 लाख की लागत से ई-लाईब्रेरी स्थापना, बडी पाल से बरडा पंचायत मुख्यालय तक 500 वृक्ष मय ट्री गार्ड लगवाने में भी महती भूमिका निभाई।
