ए री सखी मंगल गाओ री…

-सनातनी चातुर्मास में देर रात तक बही भक्ति रस की सरिता
उदयपुर, 05 अगस्त। झीलों के शहर उदयपुर की बड़बड़ेश्वर महादेव की पहाड़ियां एक बार फिर भक्तिगीतों के सुरों से गूंज उठी। बड़बड़ेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे सनातनी चातुर्मास में शुक्रवार को आयोजित भजन संध्या देर रात तक जमी। इंडियन आइडियल मांगणिया कलाकार फेम खेता खान सहित सिरोही से नीता नायक, उदयपुर के कमलेश राव, मोनू वैष्णव ने भक्तों को भजनों की सुरसरिता से सराबोर कर दिया।
खेता खान ने ‘ए री सखी मंगल गाओ री, कैलाश के निवासी, सद्गुरू कृपा करना, मन लाग्यो मेरो यार फ़क़ीरी में’ आदि भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूम उठे। कोई आंखें बंद कर भजनों में डूबे नजर आए तो कोई अपनी जगह पर खड़ा होकर नाचे भी।
भजन संध्या के दौरान ही पंचायती दिगम्बर अखाड़ा मढ़ी मन मुकुंद दिगम्बर खुशाल भारती महाराज भी पहुंचे और उन्होंने कलाकारों को आशीर्वाद प्रदान किया। कांग्रेस के नेता विवेक कटारा, गिर्वा के पूर्व प्रधान तख्तसिंह शक्तावत, विप्र फ़ाउंडेशन के राकेश जोशी, हिमांशु बंसल, भानुप्रताप सिंह ताणा आदि आशीर्वाद लेने पहुंचे।
मीडिया संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि चार्तुमास को लगभग एक महीना पूर्ण हो गया है। इस दौरान नानी बाई का मायरा, विष्णु पुराण कथा और भजन संध्याओं का आयोजन हो चुका है। नित्य पार्थिव शिवपूजन, गणेश हवन तथा मां बगलामुखी का हवन काशी से आए पंडित जितेंद्र शास्त्री करा रहे हैं। रोजाना भंडारा चल रहा है जिसमे बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद पा रहे हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!