उदयपुर, 30 मई। सीसीआरटी क्षेत्रीय केन्द्र द्वारा विद्यालयों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में विद्यार्थियों को सांस्कृतिक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से जारी निःशुल्क कला एवं शिल्प प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थी उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। केन्द्र के परामर्शक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलापिवद् डॉ. चित्रसेन ने पेपर क्राफ्ट, चित्रकार नीलोफर मुनीर ने पतंग निर्माण, रामचन्द्र शर्मा ने पुतली निर्माण एवं ओम कुमावत ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने अपने हाथों से विभिन्न प्रकार की पतंग निर्माण, अंगुल पुतली एवं छड़ पुतली निर्माण करने में विशेष रूचि दर्शाई तथा छात्राओं के एक ग्रुप द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य की विभिन्न विधाओं को सीखा।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर अलर्ट मोड पर चिकित्सा विभाग
फोटो संलग्न
उदयपुर, 30 मई। जिले में मौसमी बीमारियों से बचाव एवं उपचार के लिये चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.शंकरलाल बामणिया ने मंगलवार को खण्ड की प्रसाविकाओं तथा चिकित्सा अधिकारियों की बैठक ली व मौसमी बीमारियों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी को अपने संस्थान पर एमएलओ, टेेेेमिफोस, गम्बुशिया मछली तथा पायरेथ्रम की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पाबंद किया और नियमित रिपोर्टिंग के निर्देश दिए।
एपिडमियोलोजिस्ट डॉ.सत्यनारायण वैष्णव ने बताया कि रिपोर्टिग के अभाव में समय पर रोकथाम कार्यवाही किया जाना सम्भव नहीं हो पाता है एवं बीमारी के फैलने की संभावना बढ़ जाती हैं। डॉ.प्रणव भावसार ने गैर संचारी रोगों से बचाव एवं उपचार के साथ प्रत्येक रविवार को सुखा दिवस मनाने व अपने-अपने घरों में कूलर, टंकियों, परिण्डे, फ्रिज ट्रे, फूलदान आदि को साफ रखने की जानकारी दी और छत पर रखे कबाड़ को हटाने तथा घरों के आसपास भी पानी एकत्र नही होने देने की बात कही। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने सभी प्रसाविकाओं को आपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच व नियमित टीकाकरण तथा संस्थागत प्रसव बढाने पर भी जोर दिया।
