निःशुल्क बस यात्रा के लिए महिलाओं ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
उदयपुर, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार की रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा का प्रावधान किया गया। इस दौरान महिलाओं व छात्राओं ने महिला दिवस पर राजस्थान सरकार की ओर से की गई इस व्यवस्था की सराहना की और मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आभार जताया।
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के उदयपुर आगार के मुख्य प्रबंधक महेश उपाध्याय ने बताया कि उदयपुर जिला मुख्यालय से विभिन्न जिलों व नगरों की ओर जाने वाली रोडवेज बसों में हजारों की संख्या में महिलाओं ने सरकार की ओर से दी गई इस सुविधा का पूरा-पूरा लाभ उठाया। वहीं दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से यहां अध्ययनरत आने वाली विद्यार्थी छात्राएं व दैनिक कार्य के लिए आने वाली युवतियां व महिलाएं भी लाभान्वित हुई।
महिलाओं ने सहर्ष इस निःशुल्क सफर का लाभ उठाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री गहलोत को धन्यवाद दिया और कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की महिलाओं के उत्थान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और हाल ही में जारी बजट में महिलाओं के लिए रोडवेज बस में 50 प्रतिशत किराया शुल्क निर्धारित कर महिला वर्ग के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं व कार्यक्रम संचालित कर प्रदेश की महिलाओं को राहत प्रदान की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!