हृदय में ग्रहणशीलता हो तो पलभर में बदल सकता है जीवनःसाध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। वासुपूज्य मंदिर दादाबाड़ी में गुरुवार को आयोजित नियमित प्रवचन सभा में साध्वी विद्युतप्रभा श्रीजी आदि ठाणा-6 ने श्रावक-श्राविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में परिवर्तन लाने के लिए समय की नहीं, बल्कि हृदय की ग्रहणशीलता की आवश्यकता होती है। बदलाव धीरे-धीरे भी आ सकता है और कभी पलभर में भी जीवन की दिशा बदल सकता है। इसके लिए मन के द्वार खुले होने चाहिए।
साध्वी श्रीजी ने विवेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विवेक के बिना शक्ति तलवार की धार के समान है। यदि सुरक्षा की जिम्मेदारी बंदर को सौंप दी जाए और उसके हाथ में तलवार दे दी जाए तो सुरक्षा के बजाय खतरा पैदा हो सकता है। इसी तरह बच्चे के हाथ में धारदार चाकू देना या बिना ब्रेक वाली शक्तिशाली गाड़ी चलाना दुर्घटना को आमंत्रण देने जैसा है।
साध्वी श्रीजी ने कहा कि मनुष्य के पास धन, वाणी और ज्ञान की शक्ति हो, लेकिन विवेक न हो तो यही शक्तियां उसके लिए नुकसानदायक बन सकती हैं। वाणी की शक्ति का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए। केवल सच बोलना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सच इस तरह बोलना चाहिए कि सामने वाले के हृदय को ठेस न पहुंचे। क्रोध में कही गई बात अच्छे कार्यों को भी बिगाड़ सकती है। ज्ञान के साथ विवेक नहीं होगा तो अहंकार पैदा होगा। इसलिए जीवन में शक्ति के साथ विवेक और ज्ञान के साथ विनम्रता होना जरूरी है। इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञानजना श्रीजी, साध्वी नमन रुचि श्रीजी, साध्वी योगरुचि श्रीजी एवं साध्वी तन्मय रुचि श्रीजी ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!