दीपावली पर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर ‘लोकल फॉर वोकल’ को दें बढ़ावा : विधायक कोठारी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

भीलवाड़ा 6 नवम्बर। दीपावली के पावन पर्व पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शहरवासियों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने तथा स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया है।
विधायक कोठारी आज शाम दीपावली के अवसर पर स्थानीय बाजारों में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया । उन्होंने आमजन से अपील की कि इस दीपावली पर बाजारों में उपलब्ध स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों एवं घरेलू उद्यमों द्वारा निर्मित वस्तुओं को खरीदने में प्राथमिकता दें।
विधायक कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘लोकल फॉर वोकल’ का जो मंत्र देशवासियों को दिया है, वह केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण संकल्प है। जब हम स्थानीय उत्पाद खरीदते हैं तो उसका सीधा लाभ हमारे क्षेत्र के छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों और लघु उद्यमियों को मिलता है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं तथा देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, उल्लास और समृद्धि का पर्व है। इस अवसर पर हमारी छोटी-सी पहल किसी स्थानीय व्यापारी, कारीगर अथवा जरूरतमंद परिवार के जीवन में खुशियों का नया उजाला ला सकती है। इसलिए प्रत्येक शहरवासी को चाहिए कि वह स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अपनाकर अपने क्षेत्र के आर्थिक विकास में सहभागी बने।
कोठारी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी निभाएगा।  उन्होंने कहा कि इस दीपावली हम सभी संकल्प लें कि अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदेंगे, स्वदेशी को अपनाएंगे और प्रधानमंत्री के ‘लोकल फॉर वोकल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
इस दौरान पार्षद खुशबू -कमल कोठारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!