पिम्स हॉस्पिटल एवं उदयपुर यातायात पुलिस की संयुक्त पहल: शहर में यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें
उदयपुर : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिम्स मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मीरा नगर, उदयपुर एवं उदयपुर यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में विशाल यातायात सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
महापौर पारस सिंघवी ने किया अभियान का उद्घाटन :
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय महापौर पारस सिंघवी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहर के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका एवं सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं एवं अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।
प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे संकेतक बोर्ड :
अस्पताल के प्रबंध निदेशक नमन अग्रवाल ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत उदयपुर शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त स्थानों पर यातायात नियमों की पालना से संबंधित दिशा-निर्देश एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को निरंतर जागरूकता का संदेश मिलता रहे।
‘पिम्स केयर कार्ड’ का विमोचन : एक वर्ष तक निःशुल्क परामर्श सुविधा :
कार्यक्रम के दौरान एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए गजपाल सिंह  राठौड़ द्वारा ‘पिम्स केयर कार्ड’ का औपचारिक विमोचन किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी दी कि इस कार्ड के माध्यम से कार्डधारकों को पिम्स मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मीरा नगर में एक वर्ष की अवधि तक अनुभवी चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर शहर के अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे जिनमें क्षेत्रीय पार्षद दुर्गा लाल गमेती, श्रीमती कविता जोशी, श्रीमती विधि गोधा,  किशन मेघवाल, पंकज बोराणा,  पंकज शर्मा,  मुकेश जोशी,  योगेश कुमावत, अशोक नागदा, अर्पित मेनारिया, सुनील सोलंकी,  कैलाश चंद्र सैनी, बलवीर सिंह राणावत,  दलपत सोनी, कुलदीप मेहता,  जय सिंह सहित उदयपुर यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल समापन अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जे.के. छापरवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!