मुख्यमंत्री बजट घोषणा की पालना में राजसमंद जिले में 44300 कृषकों को मिलेंगे निःशुल्क सब्जी के किट

ब्जी की खेती के प्रति बढ़ेगा रूझान

राजसमंद 19 जुलाई। जिले में सब्जी की फसल के लिए इस बार कृषकों को बीज के किट निःशुल्क मिलेंगे। इस हेतु उद्यान आयुक्तालय राजस्थान जयपुर की ओर से 44300 कृषकों को सब्जी मिनिकिट्स वितरण के लिए आवंटित किये गये हैं जिसमें खरीफ, रबी जायद फसलें शामिल है। उप निदेशक उद्यान डॉ रविन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री बजट घोषणा की पालना में राजसमंद जिले 44300 किसानों को सब्जी के निःशुल्क किट वितरित किये जायेंगे जिससे किसानों का रूझान सब्जी उत्पादन में बढ़ेगा।

राजसमंद जिले में 34900 कोम्बो व 9400 एकल बीज किट के वितरण का लक्ष्य है। एकल बीज किट 0.05 हैक्टेयर एवं कोम्बो सब्जी किट 0.01 हैक्टेयर क्षेत्र के लिये होगा। राष्ट्रीय बीज निगम की ओर से स्व उत्पादित गुणवत्तायुक्त एवं अधिक उत्पादन देने वाली उन्नत किस्मों की आपूर्ति की जाएगी। कोम्बो किट में 100 वर्ग मीटर क्षेत्र के लिए पांच प्रकार के बीज मिलेंगे, जबकि एकल सब्जी किट 500 वर्ग मीटर क्षेत्र के लिए एक ही प्रकार के सब्जी के बीज मिलेंगे।

कोम्बो सब्जी किट के तहत खरीफ के  8000, रबी के 20000, जायद के 6900 यानि कुल 34900 बीज वितरित होंगे। ऐसे ही एकल सब्जी किट वितरण के तहत खरीफ के 900, रबी के 6200, जायद के 2300 यानि कुल 9400 बीज वितरित होंगे। राजसमंद जिले को सब्जी मिनिकिट 44300 किट वितरण करने का लक्ष्य मिला है। खरीफ सीजन के लिए 900 किट प्राप्त हुए है, जिन्हे सहायक कृषि अधिकारी क्षेत्र वार भिजवा दिये गये है और वितरण शुरू हो चुका है।

यदि कोई कृषक सब्जी उगाने के इच्छुक है वो अपना जनआधार कार्ड के साथ नजदिकि सहायक कृषि अधिकारी या कृषि पर्यवेक्षक से सम्पर्क कर सकते हैं।

गुरुवार को होगी जिला स्तरीय जनसुनवाई

राजसमंद 19 जुलाई। सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) ने बताया कि जुलाई माह के तृतीय गुरूवार 20 जुलाई जिला स्तर पर आमजन की परिवेदनाओं के निस्तारण के संबंध में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। विधानसभा सत्र होने के कारण जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठको का आयोजन नहीं किया जाएगा। सभी कार्यालयाध्यक्षों को जिला स्तरीय जनसुनवाई में उपस्थिति दर्ज करने हेतु निर्देशित किया गया है।

शुक्रवार को इन इलाकों में रहेगी विद्युत कटौती

राजसमंद 19 जुलाई। एवीवीएनएल कांकरोली के सहायक अभियंता के सी खटीक ने बताया कि शुक्रवार को जिले में 33 केवी गारियावास से निकलने वाले 11 केवी शंकरपुरा फीडर पर आवश्यक रखरखाव के चलते इस फीडर से संबंधित क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति प्रातः 8.00 बजे से दोपहर 11 बजे तक बाधित रहेगी।

सेठ रंगलाल कोठारी महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन

प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण

राजसमंद 19 जुलाई। सेठ रंगलाल कोठारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों तथा संकाय सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट गाइड एवं आइक्यूएसी के तत्वाधान में महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य निर्मला मीणा ने बताया कि महाविद्यालय में खेल मैदान के किनारों तथा विज्ञान संकाय के बॉटनिकल गार्डन में विद्यार्थियों तथा संकाय सदस्यों के द्वारा आम, चीकू, अमरूद, कदम्ब, बिलपत्र, अनार आदि का पौधारोपण किया गया।

जिला नोडल अधिकारी ई एल सी कॉलेज निर्मला मीणा ने बताया पोस्टर प्रतियोगिता में कृष्णा मेघवाल प्रथम स्थान, सुगना सालवी द्वितीय स्थान, पायल वैष्णव व वर्षा व्यास तृतीय स्थान पर रहे। नारा लेखन प्रतियोगिता में जीतमल सालवी प्रथम स्थान, आशा कुमावत द्वितीय स्थान, पायल वैष्णव व पूनम कंसारा तृतीय पर रहे। शुभंकर प्रतियोगिता में कृष्णा मेघवाल प्रथम स्थान, जीतमल सालवी द्वितीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर प्रो. सुमन बड़ौला, प्रो.दिनेश हंस, प्रो. दुर्गेश शर्मा, डा बृजेश कुमार बासोतिया, डॉ संतोष भंडारी, डॉ उषा शर्मा, डॉ विभा शर्मा, डॉ महेश चंद्र तिवारी, डॉ गोपाल लाल कुमावत, डॉ प्रतीक विजय, डॉ मनदीप सिंह, अनिल कालोरिया, खुशबू, विजेंद्र कुमार शर्मा, डॉ मीनाक्षी बोहरा एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष जैदिया ने संगठनों और अधिकारियों की ली बैठक

सफाईकर्मियों के हितों को सर्वाेपरि रखें, उनकी हर समस्या का समाधान करें अध्यक्ष

राजसमंद 19 जुलाई। राजस्थान राज्य सफाई कर्मचारी आयोग अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री किशनलाल जैदिया ने कलेक्ट्रेट में विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों की बैठक लेकर राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की।

जैदिया ने सफाई कर्मचारियों की अनुकंपा के प्रकरणों की स्थिति जानी तथा लंबित प्रकरणों को लेकर जानकारी ली। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को भुगतान की स्थिति, पेंशन प्रकरणों की स्थिति, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना आदि को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश दिए। इसके अलावा महंगाई राहत कैंप को लेकर पूछा जिस पर आयुक्त ने बताया कि इन कैंपों में अधिकाधिक लोगों का पंजीयन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार की मंशा अनुरूप महंगाई राहत कैंपों में समस्त योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने की बात कही। राज्य मंत्री जैदिया ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जिससे कि मुख्यमंत्री की मंशा पूरी हो सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में सफाईकर्मियों को सीवरेज में सफाई के लिए न उतारा जाए। उन्होंने सीवरेज टैंक सफाई हेतु नगर निकाय द्वारा सफाई के प्रावधान का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। जैदिया ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए जिससे अधिकाधिक लोगों को 25 लाख का इलाज एवं 10 लाख का दुर्घटना बीमा मिल सके। जैदिया ने सफाई कर्मचारियों को मूल पदों पर कार्य करवाने, राज्य सरकार के नियमानुसार ही उनसे काम लेने, उनके हितों का ध्यान रखने और उनकी समस्याओं का त्वरित गति से समाधान करने के निर्देश दिए।

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा 22 को

राजसमंद 19 जुलाई। 22 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, गाढ़रियावास में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों का रिपोर्ट टाइम 10 बजे है। परीक्षा नवोदय विद्यालय समिति द्वारा पहली बार आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में कुल 104 परीक्षार्थी भाग लेंगे।

उर्वरक वितरण में अनियमितता पर कार्रवाई

राजसमंद 19 जुलाई। उर्वरक वितरण में अनियमितता एवं एफ.सी.ओ नियम 1985 के उल्लघंन के कारण एक प्रतिष्ठान पर उर्वरक विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

संयुक्त निदेशक कृषि (वि.) कांकरोली राजसमन्द एवं अधिसूचित प्राधिकारी (उर्वरक) को मंगलवार को ग्राम पंचायत पिपली अहिरान पंचायत समिति रेलमगरा में स्थित मैसर्स श्री कृष्णा बीज भण्डार पर उर्वरक वितरण के दौरान अनियमितता पाये जाने की शिकायत प्राप्त हुई। तपश्चात संयुक्त निदेशक कृषि (वि.) कांकरोली राजसमन्द ने तुरन्त प्रभाव से सम्बन्धित क्षेत्र के सहायक निदेशक कृषि (वि.) नाथद्वारा कल्प वर्मा एवं उनकी टीम को शिकायत के भौतिक निरिक्षण एवं सत्यता की जांच हेतु भेजा। निरिक्षण के दौरान उर्वरक विक्रय में अनियमितता पाये जाने के कारण एवं एफ.सी.ओ नियम 1985 के उल्लघंन के कारण सम्बन्धित उर्वरक विक्रेता मैसर्स श्री कृष्णा बीज भण्डार पिपली अहिरान को आगामी सात दिवस हेतु उर्वरक विक्रय पर प्रतिबन्ध लगा कर नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया।

संयुक्त निदेशक कृषि (वि.) राजसमन्द ने बताया की किसानों को उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर अनियमितता करने वाले उर्वरक विक्रेता एवं उनके द्वारा समय पर अनुज्ञा पत्र के नवीनिकरण, संशोधन इत्यादि कार्य नही किये जाने एवं बिना अनुज्ञा पत्र के उर्वरक विक्रय करने वालो के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जायेगी जिसके लिए उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 तहत निहित शक्तियो का प्रयोग करते हुये लाईसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उर्वरक विक्रेताओं द्वारा किसानों को खड़ी फसल में यूरीया उनकी आवश्यकता अनुसार (भूमि उपलब्धता के आधार पर अधिकतम 5 बैग) उपलब्ध करवाने हेतु निर्देशित किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!