उदयपुर 14 अक्टूबर। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् के निर्देशानुसार राष्ट्रीय अविष्कार अभियान 2022-23 के तहत जि़ले के राजकीय विद्यालयों के विज्ञान एवं गणित विषय के व्याख्याता एवं वरिष्ठ अध्यापकों की विज्ञान व तकनीकी नवाचारों पर दो दिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला का शुभारंभ शुक्रवार को जि़ला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर, गोवर्धन विलास के गांधी हॉल, में हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जि़ला शिक्षा अधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा थे जबकि अध्यक्षता अतिरिक्त जि़ला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा वीरेन्द्र सिंह यादव ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि, जि़ला शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा माण्डावत, अतिरिक्त जि़ला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर चौबीसा थे।
मुख्य जि़ला शिक्षा अधिकारी ने संभागी व्याख्याताओं एवं वरिष्ठ अध्यापकों को कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान को विद्यालय के छात्र-छात्राओं तक पहुँचाने हेतु प्रेरित किया। एडीपीसी ने समग्र शिक्षा द्वारा विद्यालयों में वितरित गणित एवं विज्ञान किट का उपयोग सुनिश्चित करने के साथ ही आई.सी.टी. लैब सुविधा का अधिकाधिक शिक्षण में प्रयोग कर छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिये, साथ ही छात्र-छात्राओं को गणित व विज्ञान विषय लेने हेतु प्रेरित करने के लिये सम्भागियों को निर्देशित किया। जि़ला शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा माण्डावत द्वारा राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत होने वाले आग़ामी कार्यक्रम विज्ञान मेले की जानकारी दी। अतिरिक्त जि़ला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर चौबीसा ने इन्सपायर अवॉर्ड के लिये छात्र-छात्राओं से अधिकाधिक आवेदन करवाने के निर्देश प्रदान किये।
समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी सुशील काबरा ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के डॉ. रक्षित आमेटा ने दैनिक जीवन में विज्ञान का योगदान‘ विज्ञान के विभिन्न आयाम व न्यूरोसाईन्स के बारे में जानकारी दी। असिस्टेन्ट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनी ने विद्यालयों में रॉबोटिक्स विषय का उपयोग बताया। एक अन्य सत्र में उदयपुर सौर वैधशाला के वैज्ञानिक डॉ. भुवन जोशी ने हमारा सूर्य एवं अंतिरक्ष, सूर्य और अंतरिक्ष की अनसुलझी पहेलियों विषय पर वार्ता प्रस्तुत की।
कार्यशाला के दूसरे दिन शनिवार को कृषि विज्ञान, आयुर्वेदिक चिकित्सा व आर्टिफिशियन इन्टेलिजेन्स‘ विषयों पर विज्ञान, चिकित्सा एवं कृषि से संबंधित उच्च शिक्षा संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली वार्ता से प्रतिभागी लाभान्वित होंगे।
राष्ट्रीय अविष्कार अभियान-विज्ञान व तकनीकी नवाचारों पर दो दिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला शुरू
