जिले भर में सभी तैयारियां पूर्ण कलेक्टर ने कहा-फिर नंबर वन रहे उदयपुर
ब्लॉक स्तरीय आयोजन में 3133 टीमों के 35610 खिलाड़ी मैदान में
उदयपुर 10 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा के अनुरूप प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाते हुए अग्रणी बनाने के लिए शुरू किए गये राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ सोमवार 12 सितंबर से होगा। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर राज्य सरकार के दिशा निर्देशानुसार आयोजन को भव्य एवं कलरफुल बनाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर उदयपुर नंबर अग्रणी रहा है और अब ब्लॉक स्तर पर भी उदयपुर नंबर वन रहे इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिले की 20 पंचायत समितियों में ब्लॉक स्तरीय खेलों को लेकर 3133 टीमों के 35610 खिलाड़ी मैदान में है। अब खिलाड़ियों के बीच जिला स्तर पर आने हेतु प्रतिस्पर्धा होनी है जिसे लेकर खास उत्साह बना हुआ है।
खिलाड़ियों में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं को लेकर उत्साह
उदयपुर जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशन में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। ग्राम पंचायत स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों ने रविवार देर शाम तक शारीरिक शिक्षकों और दक्ष प्रशिक्षकों की उपस्थिति में पूर्ण उत्साह के साथ विभिन्न खेलों का अभ्यास किया। इसके साथ ही खेल मैदान अपडेट हो चुके है। मैदानों की आवश्यक साफ-सफाई के साथ खेल नियमों के अनुसार मैदानों का सीमांकन कर लिया गया है।
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा रविवार को उदयपुर के जनजाति अंचल झाडोल कोटड़ा दौरे पर रहे। उन्होंने यहां राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों की ब्लॉक स्तरीय तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न खेल मैदानों का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि जनजाति क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाओं ने ग्राम पंचायत स्तरीय आयोजन में जो अभूतपूर्व उत्साह दिखा है उसी उत्साह के साथ ब्लॉक स्तरीय आयोजन को भी पूर्ण उत्साह के साथ सफल बनाना होगा। उन्होंने आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासों से आयोजन को भव्य व सफल बनाने के निर्देश दिए।
बड़गांव एसडीएम ने भी देखी तैयारियां
इधर बड़गांव पंचायत मुख्यालय पर बड़गांव एसडीएम श्रीमती मोनिका जाखड़ ने ब्लॉक स्तरीय आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन से जुड़ी तैयारियां व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार व जिला प्रशासन के दिशा निर्देशानुसार सभी प्रतियोगिताएं आयोजित करवाने और समन्वय स्थापित करते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेदला स्थित क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट मैच में भी अपना हाथ जमाया और अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। इस अवसर पर विभिन्न ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व शारीरिक प्रशिक्षक सहित खिलाड़ी मौजूद रहे।
