राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का ब्लॉक स्तरीय आयोजन की तैयारियां जारी

जोर-शोर से चल रहा है अभ्यास सत्र, अपडेट हुए खेल मैदान
कलक्टर ने विभागों को समन्वय स्थापित कर आयोजन को भव्य बनाने के दिए निर्देश
उदयपुर, 9 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा के अनुरूप प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाते हुए अग्रणी बनाने के लिए शुरू किए गये राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का ब्लॉक स्तरीय आयोजन 12 सितंबर से होगा।
उदयपुर जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशन में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर होने वाले इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर है। ग्राम पंचायत स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाडी पूर्ण उत्साह के साथ अभ्यास कर रहे है। खेल मैदानों पर मेले सा माहौल है। शारीरिक शिक्षकों एवं दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा प्रभावी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही खेल मैदान अपडेट हो चुके है। मैदानों की आवश्यक साफ-सफाई के साथ खेल नियमों के अनुसार मैदानों का सीमांकन कर लिया गया है।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर आयोजन को भव्य बनाने के निर्देश दिए है। कलक्टर ने कहा कि ग्राम स्तरीय आयोजन में उदयपुर नवंबर वन रहा है और इसी साख को कायम रखते हुए समन्वित प्रयासों से आयोजन को भव्य बनाना है ताकि ब्लॉक स्तर पर भी उदयपुर नबंर रहे। कलक्टर ने आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए है। प्रतियोगिता के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
कलक्टर पहुंचे गोगुन्दा, तैयारियों का लिया जायजा
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा शुक्रवार को गोगुन्दा दौरे पर रहे। उन्होंने वहां ब्लॉक मुख्यालय पर होने वाले ग्रामीण ओलंपिक खेलों के आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां होने वाले हॉकी कबड्डी व खो-खो आदि के मैचों के लिए तैयार किए जा रहे मैदान का भी अवलोकन किया। कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार आयोजन को भव्य बनाने के निर्देश दिए। वहीं प्रतिभागियों के लिए पानी, बैठक, अल्पाहार, भोजन, खेल संसाधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के इंतजाम के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व खेलमंत्री मांगीलाल गरासिया, समाजसेवी लालसिंह झाला, जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन, एसडीएम हनुमान सिंह सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!