मंदिरों में बेहतर सुरक्षा प्रबंधन के लिए देवस्थान विभाग ने किए विशेष दिशा-निर्देश जारी

जयपुर, 12 सितम्बर। देवस्थान मंत्री श्रीमती शकुंतला रावत के निर्देश पर प्रदेश में होने वाले विभिन्न मेला आयोजनों व धार्मिक एवं श्रद्वा स्थलों में सुरक्षा प्रबन्धन के लिए सोमवार को जयपुर जिले के प्रमुख मंदिर प्रन्यासों के प्रतिनिधियों के साथ देवस्थान विभाग के अधिकारियों की व्यापक स्तर पर चर्चा हुई और इस बारे में विशेष दिशा निर्देश जारी किए गए।

बैठक में आयुक्त देवस्थान विभाग द्वारा पूर्व में जारी गाइडलाइन के अनुसार जयपुर जिले के प्रमुख मंदिर प्रन्यासों को समय-समय पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों एवं मेलों में होने वाली अत्यधिक श्रद्वालुओ और दर्शनार्थियों पर नियंत्रण करने हेतु उपयुक्त सुरक्षा एवं प्रबन्धन के सुझाव मांगे गए। इस दौरान सुझावों पर विस्तृत चर्चा कर गाइडलाइन के अनुसार पालना कराने के निर्देश दिये, जिसमें बेरिकेटिंग की माकूल व्यवस्था, रैम्प निर्माण, टॉयलेट, पार्किंग क्षेत्र की व्यवस्था मंदिर प्रन्यासों में आवश्यकतानुसार पेयजल, साफ सफाई एवं दर्शन व्यवस्था माकूल प्रबन्ध करना शामिल हैं।

बैठक में सहायक आयुक्त श्री रतनलाल योगी सहित देवस्थान विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंदिर प्रन्यासों श्री गणेश जी मोती डूंगरी, जयपुर की ओर से महन्त श्री कैलाश चन्द शर्मा, मंदिर श्री हनुमान जी, मंदिर श्री गोविन्ददेवजी मंदिर, श्री शीलामाता मंदिर, श्री जगदीश जी, गोनेर मंदिर, श्री शीतला माता, चाकसू मंदिर श्री खोले के हनुमान जी मंदिर, चांदपोल श्री हनुमान जी मंदिर, श्री गढगणेश, मंदिर, श्री नहर के गणेश जी मंदिर, श्री बड़ के बालाजी मंदिर, श्री दादूदयाल, नरेना मंदिर, श्री जमवाय माता जमवारामगढ आदि प्रन्यासों के प्रन्यासी और पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!