उदयपुर के चित्रकार चेतन औदिच्य के चित्रों ने दर्शकों का मन मोहा
जयपुर, 12 अक्टूबर। प्रदेश के सुप्रसिद्ध चित्रकार उदयपुर निवासी चेतन औदिच्य के चित्रों की पांच दिवसीय प्रदर्शनी “रसो वै सः” का उद्घाटन बुधवार को जवाहर कला केन्द्र की सुकृति कला दीर्घा में हुआ। ग्रास रूट मीडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित हो रही इस प्रदर्शनी में औदिच्य की कॉस्मिक फोर्स, वैनायिकी, महागीता और रति श्रृंखला के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं।
ग्रास रूट मीडिया फाउंडेशन के प्रमोद शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार यशवंत व्यास प्रदर्शनी और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी टीकम चंद बोहरा ने मौली बंधक खोलकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर उद्घाटन किया। दिल्ली के प्रसिद्ध कलाकार सुमन कुमार सिंह, कला लेखक भुवनेश्वर भास्कर, कला समीक्षक डॉ राजेश कुमार व्यास, महेश स्वामी सहित कई अन्य अतिथि उद्घाटन अवसर पर उपस्थित रहे। अपने चित्रों के बारे में अतिथियों को जानकारी देते हुए चित्रकार चेतन औदिच्य ने कहा कि भारतीय दर्शन एवं सांस्कृतिक परिदृश्य की रंगमयी छवियों के रूप में प्रदर्शित यह चित्र उपनिषद, पुराण तथा अथर्ववेद के गूढ़तम रति संदर्भों के साथ तंत्र विधान की रंग रेखाओं का समायोजन भी करते हैं। अपने कला कर्म के बारे में बताते हुए कहा कि उनके चित्र रंग की आड़ में प्रकृति के सत्य को दर्शाते हैं और नियमित करते हैं। राजस्थान के समकालीन चित्रों में पारंपरिक शैली के चित्र और मूर्त– अमूर्त आलेखन से मिश्रित यह चित्र दार्शनिक विवेचना से शुरू होते हैं जो दर्शक को भाव के विस्तार तक ले जाते हैं। मुख्य अतिथि श्री यशवंत व्यास ने कहा कि कला और कलाकार दोनों एक ही भाव-भूमि पर अवस्थित हैं इसलिए चेतन के चित्रों का सौंदर्य उनके भीतर के सौंदर्य से मेल खाता है। सुमन कुमार सिंह ने चेतन के चित्रों को भारतीय और पाश्चात्य का कला का अद्भुत सम्मिश्रण बताया। समीक्षक राजेश व्यास ने चेतन के चित्रों में प्रस्तुत रंगों की विशेषताओं को रेखांकित किया। रविवार तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में दर्शकों का प्रवेश निशुल्क है।
जवाहर कला केंद्र की सुकृति कला दीर्घा में “रसो वै सः” का उद्घाटन
