उदयपुर, 15 सितंबर। यू तो जिले भर मे ब्लॉक स्तरीय आयोजन भव्य एवं समारोह पूर्वक सम्पन्न हुआ, लेकिन सलूंबर ब्लॉक के करावली गांव ने इस आयोजन को महोत्सव का रूप देकर एक मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप मेवाड़ के इस गांव में ग्रामीणों ने भामाशाह बनकर न केवल इस आयोजन को सफल बनाया बल्कि पूरे प्रदेश में खेल भावना और समरसता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सलूंबर के उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र बी.पाटीदार ने बताया कि करावली गांव के सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम ब्लॉक स्तरीय आयोजन से लेकर समापन तक मेले सा माहौल रहा। हर मैच रोमांचक रहा, बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं आस-पास से आए ग्रामीणों ने अपनी-अपनी टीमों की हौसलाफजाई कर उत्साह बढ़ाया। हर आयोजन के दौरान स्टेडियम खचाखच भरे रहे।
गांव के भामाशाहों व ग्रामीण युवाओं ने अपने प्रयासों से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे खिलाडि़यों, शिक्षकों व तैनात कार्मिकों के साथ आने वाले दर्शकों के लिए दोनों समय भोजन की व्यवस्था की और हर रोज तीन हजार से अधिक लोगों को भोजन करवाया। उन्होंने यह भी बताया कि गांव के भामाशाहों ने विभिन्न मैचों में विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।
ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री की प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने इस आयोजन में जाति, धर्म व राजनीति से परे हटकर हर वर्ग को एकजुट करते हुए लोगों को खेलों के प्रति जागरूक किया है। ऐसी भाईचारे व समरसता सहयोग की भावना पहले कभी नहीं देखी।
करावली गांव ने पेश की अनूठी मिसाल, ब्लॉक स्तरीय आयोजन को बनाया खेल महोत्सव
