अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर कलक्टर ने 102 वर्षीय मतदाता को घर जाकर किया सम्मानित

उदयपुर, 01 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर उदयपुर जिला प्रशासन की ओर से 100 वर्ष से अधिक आयु प्राप्त मतदाताओं का सम्मान किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम के तहत जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने यूनिवर्सिटी रोड स्थित गणेश नगर निवासी 102 वर्षीय मतदाता हीरालाल सुहालका का घर जाकर सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सुहालका का माला पहनाकर और निर्वाचन विभाग की ओर से जारी प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मान किया और उनसे चर्चा कर उनके अनुभवों को जाना। सुहालका ने कहा कि वे हर बार अपने मताधिकार का उपयोग करते हुए लोकतंत्र के प्रति अपनी भागीदारी निभा रहे है। कलक्टर ने वृद्धजन के सुगम मतदान के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से कई सुविधाएं के बारे में बताया। जिला कलेक्टर के घर आने पर सुहालका प्रसन्न हुए और अपने हाथों से जिला कलेक्टर को श्रीफल भेंट कर व उपरना ओढ़ाकर कलेक्टर का अभिनंदन किया। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन ओ पी बुनकर सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कार्मिक व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

पांच शतायु प्राप्त मतदाताओं का कलेक्ट्रेट में हुआ सम्मान
उदयपुर, 01 अक्टूबर। जिला परिषद सभागार में 100 वर्ष से अधिक आयु प्राप्त मतदाताओं का जिला प्रशासन की ओर से सम्मान किया गया। इस मौके पर एडीएम प्रशासन ओ पी बुनकर एवं एडीएम शहर प्रभा गौतम ने सौ वर्ष से अधिक आयु प्राप्त मतदाताओं रामस्वरूप पंचोली, जमना बाई पति नंदलाल, भंवरलाल पिता मोड़ी लाल, कन्ना डांगी और मनसा डांगी को सम्मानित करते हुए माला पहनाई एवं भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त प्रशंसा पत्र सुपुर्द किया। इस दौरान इन पांचों मतदाताओं ने युवाओं से भी मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने एवं मतदान अवश्य करने की अपील की। इन शतायु प्राप्त मतदाताओं ने कहा कि जब हम 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बावजूद मतदान करने मतदान केंद्र तक जा सकते हैं तो युवा वर्ग क्यों नहीं। शतायु प्राप्त मतदाता रामस्वरूप पंचोली ने कहा कि उन्होंने लोकतंत्र में आए विभिन्न प्रकार के बदलावों को देखा है। उन्होंने कहा कि पहले मतदान केंद्रों तक मुश्किल से व्यक्ति पहुंच पाते थे एवं बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करना पड़ता था लेकिन अब ईवीएम मशीन के आ जाने से मतदान करना आसान हुआ है, देश ने भी काफी प्रगति कर ली है।
जिले में सौ वर्ष प्राप्त आयु के 968 मतदाता
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ओपी बुनकर ने बताया कि उदयपुर जिले में वर्तमान में 100 वर्ष की आयु प्राप्त मतदाताओं की संख्या 968 है। गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में 196, झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र में 92, खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 149, उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 49, उदयपुर विधानसभा क्षेत्र में 109, मावली विधानसभा क्षेत्र में 102, वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में 185 एवं सलूंबर विधानसभा क्षेत्र में 86 मतदाता ऐसे हैं जो कि 100 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके हैं। 100 वर्ष की आयु प्राप्त कर लेने के बावजूद मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखा जाता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!