उदयपुर, 13 जनवरी। केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार देशभर मे 8वां भूतपूर्व सैनिक (वेटरन्स) दिवस रविवार 14 जनवरी को मनाया जायेगा। जिला स्तरीय समारोह जिला प्रशासन, 30 इन्फेन्ट्री ब्रिगेड-स्टेशन हेड क्वाटर्स व जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 14 जनवरी को प्रातः 10.30 बजे एकलिंगगढ़ छावनी स्थित युद्ध शहीद स्मारक पर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिले के पूर्व सैनिक, वीरांगनायें, पदक धारक, वीरमाता तथा उनके आश्रित सम्मिलित होंगे।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल कमलेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार समारोह में वीरांगनाओं व वीरमाताओं, पदक धारक पूर्व सैनिकों, वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों तथा सहभागी वेटरन्स का सम्मान किया जायेगा । समारोह स्थल पर मेडिकल केम्प ,का आयोजन होगा और विभिन्न स्टॉल्स के माध्यम से पूर्व सैनिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
साधारण सभा की बैठक 16 को
उदयपुर, 13 जनवरी। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 16 जनवरी सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में जिला प्रमुख श्रीमती ममता कुंवर पंवार की अध्यक्षता में आयोजित होगी। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं के साथ विकास से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। यह जानकारी जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कीर्ति राठौड़ ने दी।
साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया है कि पूर्व में बैठक स्थगन के आदेश जारी किये गये थे जिन्हें तत्काल प्रभाव से प्रत्याहरित कर दिया गया है, अब साधारण सभा की बैठक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जनवरी को सुबह 11 बजे ही आयोजित होगी।
पलाना खुर्द में विकसित भारत यात्रा कार्यक्रम में दी विभागीय योजनाओं की जानकारी
उदयपुर, 13 जनवरी। आजादी के 100 वर्ष यानी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से आज जारी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शनिवार को मावली ब्लॉक के पलाना खुर्द ग्राम पंचायत में शिविर का आयोजन हुआ। प्रारंभ में अतिथि व अधिकारियों ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के रथ का स्वागत किया। कार्यक्रम के अतिथि समाजसेवी रोशन लाल सुथार, गणेशलाल कुम्हार, हिरालाल जाट, धर्मेन्द्र सिंह राव रतन सिंह कितावत, पिंटू जोशी, सोहन लाल गमेती, सरपंच श्रीमती तुलसी बाई, उपसरपंच प्रकाशचन्द्र डांगी आदि उपस्थित रहे। शिविर में नायब तहसीलदार महेन्द्र सिंह चुण्डावत, सहायक विकास अधिकारी हरिसिंह राव व अन्य ब्लॉक लेवल अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में उपस्थित सभी लोगो को हमारा संकल्प विकसित भारत की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर महिला बाल विकास विभाग मावली द्वारा प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को साडी देकर गोद भराई, 6 माह पूर्ण करने वाले बच्चो का पंजीरी खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार कराया गया एवं स्वस्थ बच्चो की प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को बॉल, कलर, पेंसिल व ड्राइंग बुक देकर सम्मान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीपी. शुगर, व हिमोग्लोबिन के 1791 लोगों की जांच की गई एवं आवश्यक दवाइयां वितरित की गई। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई और प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
जज श्री मिश्रा ने किया जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
उदयपुर, 13 जनवरी। माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर के तत्वावधान में राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्लेटिनम जुबली समारोह के अवसर पर जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री चंचल मिश्रा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। अतिथियों ने गुब्बारें छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर बार एसोसिऐशन अध्यक्ष भरत जोशी, जिला खेल अधिकारी अजीत कुमार जैन, जिला ओलम्पिक संघ अध्यक्ष के सुधीर बक्शी, राजेश कुमार शमा विशाल गदिया मंचसीन रहे। एडीजे कुलदीप शर्मा ने बताया ि कइस आयोजन के तहत 13 व 14 जनवरी को उदयपुर जिले के न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारीगण के मध्य दौड़, साईक्लिंग, बैडमिण्टन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, शतरंज, कैरम प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। वहीं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का फाइनल एवं समापन समारोह 21 जनवरी को रखा गया है।
ब्लॉक स्तरीय हेल्थ एम्बेसडर रिफ्रेशर प्रशिक्षण का समापन
उदयपुर 13 जनवरी। ज़िले में पायलट प्रोजेक्ट के तहत आरएससीईआरटी उदयपुर के निर्देशन में आयुष्मान भारत योजनांतर्गत स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत प्रथम चरण में चल रहे तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय हेल्थ एम्बेसडर रिफ्रेशर प्रशिक्षण का समापन शनिवार को विद्यालयों में बेहतर संचालन के संकल्प के साथ हुआ।
डाइट प्रिंसिपल चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि इस प्रशिक्षण हेल्थ एंबेसेडर में कार्यक्रम के 11 थीमेटिक एरिया तथा एमआईएस आधारित कौशल विकसित करने पर बल दिया गया। साथ ही विद्यालयों में आयरन फोलिक एसिड टैबलेट वितरण, डी वार्मिंग कार्यक्रम, उड़ान योजना के तहत सेनेटरी नेपकिन वितरण, गरिमा पेटी, क्विज प्रतियोगिता, स्वास्थ्य परीक्षण इत्यादि बिंदुओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई। जोशी ने बताया कि पहली बार हेल्थ एंबेसेडर्स को ऑफलाइन प्रशिक्षण के उपरांत भारत सरकार के शिक्षा तथा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में ऑनलाइन सर्टिफिकेट्स भी प्राप्त हुए है। इन प्रमाण पत्रों को विद्यालय अभिलेख में संधारित करने के निर्देश दिए गए है।
प्रभारी कॉर्डिनेटर मृदुला तिवारी ने बताया कि प्रथम चरण में गिर्वा,गोगुंदा,खेरवाड़ा,मावली तथा लसाडिया के प्रशिक्षणों में 300 हेल्थ एंबेसेडर ने रिफ्रेशर प्रशिक्षण प्राप्त किया। दूसरा चरण आगामी 22 जनवरी से प्रारंभ होगा । इस चरण में सराडा, नयागांव, कुराबड़, झल्लारा, वल्लभनगर, सायरा तथा बड़गांव सहित 7 ब्लॉक में 350 शिक्षको को प्रशिक्षित किया जाएगा।
पतंगबाजी के दौरान बेजुबान पक्षियों का रखे ध्यान
उदयपुर 13 जनवरी। मकर संक्रांति के पर्व पर शहर भर में पतंगबाजी का आयोजन होता है। इस अवसर पर वन विभाग की ओर से बेजुबान पक्षियों का ध्यान रखने का आह्व्वान किया है। मुख्य वन संरक्षक आर. के. जैन ने पक्षियों के घोंसलों से बाहर निकलने व वापस लौटने के समय पतंग ना उड़ाने आह्वान किया है। उन्हांने यह भी बताया कि आस-पास कई पक्षी मांझे में उलझकर घायल होने की जानकारी मिले तो तुरंत क्षैत्रीय वन अधिकारी व उड़न दस्ता प्रभारी गजेन्द्र सिंह को उनके मोबाईल नंबर 7427819189 पर सूचित करा सकते है।
