विजयदशमी पर संघ का पथ संचलन 5 अक्टूबर को 

-पहली बार संचलन में आमंत्रित होंगे विभिन्न समाजों के गणमान्य 
उदयपुर, 29 सितम्बर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस विजयदशमी पर परंपरागत रूप से होने वाला पथ संचलन इस बार 5 अक्टूबर को होगा। संघ की उदयपुर महानगर इकाई की ओर से नगर निगम प्रांगण से शुरू होने वाले इस संचलन से पहले शस्त्र पूजन भी होगा जिसमें विभिन्न समाजों के गणमान्य व विभिन्न संस्थाओं के प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया है। ऐसा पहली बार होगा जब संघ के पथ संचलन के आयोजन में समाज प्रमुख व प्रबुद्धजन शामिल रहेंगे। इसके साथ ही संघ की चित्तौड़ प्रांत इकाई के प्रांत प्रचारक विजयानंद स्वयंसेवकों को पाथेय भी प्रदान करेंगे।
संघ के उदयपुर महानगर संघचालक गोविन्द अग्रवाल ने बताया कि कोरोना काल के 2 वर्ष पश्चात होने जा रहे विजयदशमी उत्सव के शस्त्र पूजन व पथ संचलन कार्यक्रम को लेकर स्वयंसेवकों में उत्साह है और विभिन्न शाखाओं पर इसकी तैयारियां चल रही हैं। समाज में सज्जन शक्ति का मनोबल बढ़ाने और दुर्जन शक्ति का मानमर्दन करने के संदेश के साथ होने वाले इस उत्सव में शहर के समाज प्रमुख व प्रबुद्धजन भी आमंत्रित किए गए हैं। संचलन से पूर्व शस्त्र पूजन 5 अक्टूबर को प्रातः 8.45 बजे होगा। इसके पश्चात् 9 बजे प्रांत प्रचारक विजयानंद का उद्बोधन रहेगा।
पथ संचलन नगर निगम से 10.15 बजे शुरू होकर 10.21 बजे सूरजपोल चौराहा, 10.23 बजे अस्थल मंदिर, 10.29 बजे मुखर्जी चौक, 10.33 बजे तेलियों की माताजी, 10.36 बजे घंटाघर, 10.41 बजे आयुर्वेद चिकित्सालय, 10.46 बजे हाथीपोल, 10.51 बजे दण्डपोल, 10.56 बजे देहलीगेट, 10.57 बजे बैंक तिराहा, 11.03 बजे नाड़ाखाड़ा, 11.07 बजे फतह मेमोरियल, 11.09 बजे टाउन हॉल लिंक रोड होते हुए 11.15 बजे पुनः नगर निगम प्रांगण में सम्पन्न होगा।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!