जैन महिला मंच की दो दिवसीय प्रदर्शनी 24-25 अक्टूबर को, 50 स्टॉलों पर सजेगा खरीदारी का संसार; मेगा हाउजी, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक संध्या भी होंगी खास
उदयपुर। महिलाओं की प्रतिभा, हुनर और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जैन महिला मंच, उदयपुर की ओर से 24 एवं 25 अक्टूबर को सेक्टर-4 स्थित स्वागत वाटिका में दो दिवसीय ‘तेजस्विनी एग्जीबिशन’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में करीब 50 स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों और रचनात्मक कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही शहरवासियों को खरीदारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
मंच अध्यक्ष वंदना बाबेल ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी सदस्याएं उत्साह के साथ तैयारियों में जुटी हैं। प्रदर्शनी के प्रचार-प्रसार के लिए 14 अक्टूबर को आयोजित भव्य गरबा समारोह में पोस्टर का विमोचन किया गया था। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके व्यवसाय को प्रोत्साहन देने और उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 24 अक्टूबर को सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम में उदयपुर शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, महापौर पारस सिंघवी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहेंगे। पहले दिन दोपहर 3 बजे मेगा हाउजी का आयोजन होगा, जिसमें आकर्षक पुरस्कार और सरप्राइज गिफ्ट प्रतिभागियों के उत्साह को बढ़ाएंगे। वहीं, 25 अक्टूबर को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ सांस्कृतिक संध्या सजेगी।
मंच मंत्री ज्योति जैन ने बताया कि आयोजन की मुख्य संयोजक बेला सुराना, प्रभा चौधरी एवं नेहा रांका हैं। सह-संयोजक डॉ. दीपिका पोखरना, डॉ. अंकुश सुराना, दीप्ति तलेसरा, रानी जैन, मुक्ता कोठारी एवं निर्मला लोढ़ा सहित मंच की सभी सदस्याएं आयोजन को भव्य और सफल बनाने में जुटी हुई हैं।
जैन महिला मंच ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 24 एवं 25 अक्टूबर को स्वागत वाटिका पहुंचकर ‘तेजस्विनी एग्जीबिशन’ का लाभ उठाएं और महिला उद्यमियों के उत्पादों एवं प्रयासों को प्रोत्साहित करें। मंच मंत्री ज्योति जैन ने सभी सहयोगियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
महिलाओं के हुनर और उद्यमिता को नई उड़ान देगी ‘तेजस्विनी एग्जीबिशन’
