बढ़ती चोरियों से थे परेशान, एक घंटे तक चला प्रदर्शन, थमे रहे वाहनों के चक्के
उदयपुर,07 अप्रेल. जिले के नाई थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को उदयपुर-झाड़ोल मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों के प्रदर्शन करने के चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। े
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से नाई थाना क्षेत्र में चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि पुलिस चोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रही। लगातार हो रही चोरियों से परेशान होकर ग्रामीण कुछ दिन पहले नाई थानाधिकारी से भी मिले थे। तब थानाधिकारी ने जल्द ही चोरों के खिलाफ कार्रवाई तथा पुलिस गश्त बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद चोरी की वारदात नहीं थमी तो रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नाई क्षेत्र से गुजर रहे उदयपुर-झाड़ोल मार्ग पर जुटे तथा प्रदर्शन करते हुए रोड जाम कर दिया। ग्रामीणों का प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला, तब तक इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के चक्के थमे रहे। ग्रामीणों के चक्का जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा चोरों के खिलाफ कार्रवाई के एक बार फिर मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शन बंद करने पर सहमत हुए। हालांकि ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही चोरों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह फिर से चक्का जाम करेंगे।
ग्रामीणों ने झाड़ोल मार्ग पर लगाया जाम
