सरकार का बजट रिफार्म एक्सप्रेस है, जो हर वर्ग को तेजी से आगे लेकर जाएगा : सांसद डॉ. मन्नालाल रावत

उदयपुर। सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश में जितने भी सुधार के काम है उसको आगे बढाता है, यह एक रिफॉर्म एक्सप्रेस है जो हर वर्ग को बहुत तेजी से आगे बढाने वाली ट्रेन है। इसमें किसान है, मजदूर है, महिला है व युवा है, मध्यम वर्ग है, निर्यातक है और एमएसएमई से जुडे उद्यमी है। बहनों के लिए इसमें बडी घोषणा है कि किस तरह राजीविका की जो दीदियां है उनके लिए लखपति दीदी से आगे बढकर नई योजनाएं हैं। पर्यटन स्थलों के विकास की बात बजट में कही गई है कि किस तरह दस हजार गाइड बनाए जाएंगे, सांस्कृतिक पर्यटन को विकसित करने की बात भी इसमें है। विदेश में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों के लिए टीसीएस दर को घटाकर 2 प्रतिशत करना, मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत देने वाला निर्णय है। एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज पर उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन दर्शाता है कि शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखना, बल्कि रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है।
सांसद डॉ रावत ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की भावना को सशक्त रूप से साकार करने वाला है। यह बजट महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, व्यापारियों एवं उद्योग जगत को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ आमजन को राहत प्रदान करने वाला सिद्ध होगा। यह बजट न केवल आर्थिक दस्तावेज है, बल्कि एक सशक्त, समृद्ध और समावेशी भारत का रोडमैप है।
सांसद डॉ रावत ने कहा कि इस बजट में महिलाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं को मजबूती दी गई है, जिससे वे सामाजिक व आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनेंगी। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप, स्किल इंडिया और तकनीकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देकर देश के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान किया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे प्रावधान उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, वहीं व्यापारियों, लघु उद्योगों और बड़े उद्योगपतियों के लिए निवेश प्रोत्साहन और व्यापार सुगमता से जुड़े निर्णय देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे।
इस बजट की एक अत्यंत सराहनीय घोषणा कैंसर प डायबिटिज जैसी बीमारियों की दवाइयों को सस्ता करने की है, जिससे गरीब, मध्यम वर्ग और जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ होंगी।
सांसद डॉ रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री ने एक ऐसा जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत किया है, जो भारत को ग्लोबल लीडर बनाने की ओर लेकर जाएगा। यह बजट हर वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!