‘पंच गौरव’ से उदयपुर जिले की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और आर्थिक समृद्धि को मिलेगा बढ़ावा- जिला कलक्टर नमित मेहता

उदयपुर, 16 फरवरी। जिला कलक्टर नमित मेहता ने सोमवार को उदयपुर जिले की विशिष्ट पहचान को समर्पित ‘पंच गौरव’ विषयक एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर मेहता ने कहा कि पंच गौरव अभियान से उदयपुर जिले की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। ‘पंच गौरव’ केवल प्रतीक नहीं, बल्कि उदयपुर की पहचान, आत्मगौरव और विकास यात्रा के स्तंभ हैं। यह डॉक्यूमेंट्री युवाओं को अपने जिले की विशिष्टताओं से परिचित कराएगी और स्थानीय उत्पादों व पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक श्री गौरीकांत शर्मा के निर्देशन में यह डॉक्यूमेंट्री तैयार की गई है। उपनिदेशक शर्मा ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री में ‘एक जिलादृएक उत्पाद’ के अंतर्गत उदयपुर के विश्वविख्यात मार्बल एवं ग्रेनाइट उद्योग को प्रमुखता से दर्शाया गया है। किस प्रकार यहां के उच्च गुणवत्ता वाले पत्थर देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखते हैं और कलात्मक स्कल्पचर स्थानीय रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पर्यटन गौरव के रूप में उदयपुर की जीवनरेखा मानी जाने वाली पिछोला झील और फतेहसागर झील को फिल्म में आकर्षक दृश्यांकन के साथ प्रस्तुत किया गया है। इन झीलों की सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन में योगदान को विस्तार से रेखांकित किया गया है।
जिले के महत्वपूर्ण वन उत्पाद महुआ और सीताफल को भी शामिल किया गया है। फिल्म में दर्शाया गया है कि कैसे ये उत्पाद जनजातीय अंचलों की आजीविका, परंपरा और अर्थव्यवस्था से गहराई से जुड़े हुए हैं। वहीं, खेल के रूप में तेरा की को शामिल किया गया है राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले स्थानीय तैराकों को भी डॉक्यूमेंट्री में शामिल किया है।

जिला कलेक्टर ने की समीक्षा
पंच गौरव के तहत विभिन्न विभागों के प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की प्राथमिकताओं में शामिल पंच गौरव के कार्यों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाएं। उन्होंने वन विभाग के बृहद निर्माण कार्यों, खेलगांव में ऑल वेदर स्विमिंग पूल एवं तैराकी प्रतिभा चयन की गतिविधियों, स्कूल एवं कॉलेज में पंच गौरव साक्षरता क्लबों के गठन आदि पर चर्चा करते हुए अब तक हुए व्यय की प्रगति जानी। इस अवसर पर एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, सांख्यिकी के संयुक्त निदेशक पुनीत शर्मा, कोषाधिकारी पार्थ शर्मा, सहायक वन संरक्षक सुरेखा चौधरी, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग उपनिदेशक पूजा साहू, उद्योग केंद्र महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा, यूडीए अधीक्षण अभियंता हितेश सुखवाल, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल, सीडीओ प्रतिभा गुप्ता सहित पंच गौरव से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!