9 कुंडीय यज्ञवेदी व संतों के लिए बनीं 30 से अधिक कुटियाएं
राजसमंद, 9 फरवरी: फ़ियावड़ी गांव स्थित देव मंगरी धाम में 11 फरवरी से 10 दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ होगा। इसे मेवाड़ का महाकुंभ कहा जा रहा है। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक माहौल से सराबोर हो चुका है।
राजगुरु परिवार के कन्हैयालाल व यज्ञाचार्य पं. राहुल महाराज ने बताया कि 11 फरवरी को गणपति स्थापना के साथ आयोजन शुरू होगा, जबकि 12 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान देशभर के प्रसिद्ध संत, कथावाचक और भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव में आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाश नंद गिरि महाराज, महंत अवधेशानंद महाराज, महंत सीताराम दास महाराज सहित कई संत-महंत शामिल होंगे। वृंदावन से देवकी नंदन ठाकुर और देवी चित्रलेखा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगी।
श्री मंगरी श्याम सेवा समिति व ग्रामवासी भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ, संत प्रवचन, विशाल भजन संध्या और विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करेंगे। मंदिर भोपाजी किशनलाल गाडरी ने बताया कि आयोजन हेतु 9 कुंडीय यज्ञवेदी बनाई गई है तथा संतों के निवास के लिए 30 से अधिक कुटियाएं तैयार की गई हैं।
20 फरवरी को नव-निर्मित मंदिर में भगवान देवनारायण की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
देव मंगरी धाम में 11 से शुरू होगा मेवाड़ का महाकुंभ
