डी पी एस, उदयपुर में भव्य रूप से समारोहपूर्वक मनाया कक्षा प्रेप का ग्रेजुएशन डे

उदयपुर। विद्यार्थियों की अद्वितीय प्रतिभा, योग्यता और सफलता का उत्सव मनाने के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर में कक्षा प्रेप सी बी एस ई तथा कैंब्रिज शाखा के छात्रों का ग्रेजुएशन डे समारोह उमंग और उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य थीम ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ पर आधारित थी। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत के साथ हुई। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के उप कुलपति कर्नल प्रोफेसर श्री शिवसिंह सारंगदेवोत ने दीप प्रज्वलन किया।
इस अवसर पर प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के उप कुलपति कर्नल प्रोफेसर श्री शिवसिंह सारंगदेवोत तथा विशिष्ट अतिथि अर्थ डायग्नॉस्टिक के सीईओ अरविंदर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ लोकेश भारती सुप्रसिद्ध डाॅक्टर चिरायु पामेचा तथा अतिरिक्त जिला पुलिस अधिक्षक श्रीमती अंजना सुखवाल का स्वागत व अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात नन्हे- मुन्नों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने अनेक रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किए, जिसमें भारतीय संस्कृति, लोककला, राष्ट्रीय चिह्नों, खेल तथा आध्यात्मिकता की सुंदर झाँकी दिखाकर अद्भुत समां बाँधा। मुख्य अतिथि प्रोफेसर शिवसिंह सारंगदेवोत ने कक्षा प्रेप के छात्रों को विधिवत गाउन तथा टोपी पहनाकर प्रमाण -पत्र डिग्री के रूप में दिया।
शाला के प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु बाल्यकाल से ही मंच पर आना और दर्शकों के समक्ष प्रस्तुति देना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है जो उनके व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है। मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्राथमिक कक्षा बच्चों के लिए एक रोमांचक मील का पत्थर है क्योंकि यह आशाओं और संभावनाओं से भरे भविष्य की ओर उनका पहला कदम है। यह एक नई शुरुआत का प्रतीक है जो उनके स्कूली जीवन और शिक्षा की यात्रा में नए आयाम जोड़ता है।प्रधानाचार्य श्री संजय नरवरिया ने अपने उद्बोधन में नन्हे -मुन्ने छात्रों को पूर्व प्राथमिक स्तर से प्राथमिक स्तर की औपचारिक शिक्षा में प्रवेश हेतु शुभकामनाएंँ दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 350 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तथा एक हजार अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति से इसे सफल और यादगार बनाया है। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति की श्रीमती मणि अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, देवेश अग्रवाल, अपूर्वा अग्रवाल तथा आशिता अग्रवाल, शहर के कई गणमान्य लोग तथा अभिभावक गण भी उपस्थित थे। अंत में कक्षा प्रेप की छात्रा प्रीशा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!